ग्वालियर में पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित सांई बाबा रोड पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक तेज रफ्तार कार ने पहले स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार द …और पढ़ें

HighLights
- रात के अंधेरे में मौत बनकर दौड़ी कार
- ग्वालियर में स्कूटी सवार को हवा में उछाला
- हवा में कई फीट उछला स्कूटी सवार युवक
नईदुनिया प्रतिनिधि ,ग्वालियर। शहर की सड़कों पर रात के समय बेलगाम रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित सांई बाबा रोड पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक तेज रफ्तार कार ने पहले स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी और फिर आगे चल रही दूसरी कार में जा घुसी।
हवा में कई फीट उछला स्कूटी सवार युवक
हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और युवक कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार बेहद तेज गति से दौड़ रही थी।
टक्कर लगते ही आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। युवक के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
टक्कर के बाद खुल गए कार के एयरबैग
हैरानी की बात यह रही कि स्कूटी को टक्कर मारने के बाद भी कार चालक ने वाहन की रफ्तार कम नहीं की। अनियंत्रित कार कुछ दूरी पर आगे जा रही एक अन्य कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
आरोपी कार की हालत ऐसी हो गई कि उसके एयरबैग तक खुल गए और वाहन मौके से आगे नहीं बढ़ सका। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने आरोपी कार चालक पर दर्ज किया केस
सूचना मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में भी मदद की।
पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
