नईदुनिया प्रतिनिधि, ​ग्वालियर। शहर के सिविल अस्पताल बिरलानगर और सिविल अस्पताल हजीरा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मरीजों की सुविधाओं में सुधार और नई सेवाओं के विस्तार को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

​बिरलानगर अस्पताल में मिलेगी आर्थो इम्प्लांट की सुविधा

​बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय सिविल अस्पताल बिरलानगर में आर्थोपेडिक मरीजों के लिए आर्थो इम्प्लांट की सुविधा को मंजूरी देना रहा। अब आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज कराने वाले मरीजों को इस सुविधा का लाभ आसानी से मिल सकेगा। इसके अतिरिक्त, अस्पताल में नई एक्स-रे मशीन की स्थापना के लिए भी आवश्यक बजट स्वीकृत कर दिया गया है।

​पार्षद निधि से अस्पताल को मिलेगी नई एंबुलेंस

​वार्ड 16 के पार्षद महेंद्र आर्य ने जनहित में सराहनीय कदम उठाते हुए अपनी पार्षद निधि से लगभग 15 लाख रुपये की लागत से दो बड़े कार्य करने की सहमति दी है।

  • ​एंबुलेंस सेवा: मरीजों को आपातकालीन स्थिति में अस्पताल लाने-ले जाने के लिए नई एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी।
  • ​टीनशेड निर्माण: अस्पताल परिसर में मरीजों के स्वजन के वाहनों के सुरक्षित खड़े रहने के लिए टीनशेड का निर्माण किया जाएगा।
  • ​हजीरा अस्पताल में सेवाओं के शुल्क में आंशिक बदलाव

​रोगी कल्याण समिति की बैठक में सिविल अस्पताल हजीरा में दी जा रही सेवाओं के शुल्क ढांचे में भी बदलाव किया गया है, जो इस प्रकार है

​अल्ट्रासाउंड जांच: अब यह सुविधा 100 रुपये की जगह 150 रुपये में उपलब्ध होगी।

​पीडियाट्रिक आइसीयू: भर्ती के लिए शुल्क 60 से बढ़ाकर 100 रुपये निर्धारित किया गया है।

​बैठक में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

​इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव, अनुविभागीय अधिकारी प्रदीप शर्मा, एनएचएम इंजीनियर रोहन मिश्रा, पीडब्ल्यूडी के अनिल शर्मा, वार्ड 16 के पार्षद महेंद्र आर्य, वार्ड 15 के पार्षद गुड्डू रत्नाकर, हजीरा अस्पताल के अधीक्षक डॉ. प्रशांत नायक, बिरलानगर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. जेके. मसोरिया सहित वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके कछावा और डॉ. सुनील कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *