ग्वालियर में ससुराल आए शराब कारोबारी को नशे की हालत में बदमाशों ने निशाना बनाया। उसके गले से सोने की चेन और मोबाइल चोरी कर करीब 1.75 लाख रुपये का नुकस …और पढ़ें
_m.webp)
HighLights
- शराब पीते समय बदमाशों ने कारोबारी को बनाया निशाना।
- नशे में बेसुध होने पर चेन और मोबाइल चुराए।
- चोरी हुए सामान की कीमत करीब 1.75 लाख रुपये।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। एक शराब ठेकेदार को ससुराल में शराब पीना महंगा पड़ा। उसे लगभग 1.75 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। नशे की हालत में बेसुध होने पर बदमाश उसके गले से सोने की चेन और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। जब ठेकेदार को होश आया, तब उसे घटना का पता चला, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हजीरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, धर्मेन्द्र सिंह धाकरे (पुत्र भूपेन्द्र सिंह धाकरे निवासी ग्राम बिरहरू, सैंया, जिला आगरा, उत्तर प्रदेश) अपनी ससुराल ग्वालियर आए हुए थे। धर्मेन्द्र उत्तर प्रदेश में शराब कारोबार से जुड़े हैं। वहां उनकी शराब की दुकानें संचालित होती हैं। उनकी ससुराल हजीरा क्षेत्र स्थित यादव धर्मकांटा के पास है।
बताया गया है कि 5 जून को धर्मेन्द्र घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे। उन्होंने पास की एक दुकान से शराब खरीदी और यादव धर्मकांटा क्षेत्र में बैठकर शराब पीने लगे। उसी स्थान पर दो अन्य व्यक्ति भी शराब का सेवन कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धर्मेन्द्र के गले में सोने की मोटी चेन थी, जिस पर उन दोनों की नजर पड़ गई। आरोप है कि दोनों संदिग्धों ने मौके पर ही योजना बनाई और धर्मेन्द्र के अधिक नशे में होने का इंतजार करने लगे। कुछ देर बाद वह बेसुध हो गए, तो आरोपी उनके गले से सोने की चेन और मोबाइल फोन निकालकर फरार हो गए। दोनों सामानों की कुल कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस कर रही संदिग्धों की पहचान
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों को लगा कि धर्मेन्द्र के साथ बैठे लोग उनके परिचित हैं और नशे की हालत में उन्हें वहां से ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कारण किसी को संदेह नहीं हुआ। तीन दिन बाद सोमवार को धर्मेन्द्र सिंह धाकरे हजीरा थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
