इंदौर के स्कीम-136 के अपार्टमेंट में लगी आग की वजह पता चल गई है। ईवी वाहन के शोरूम में ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज हो रही थी। चार्जिंग सॉकेट में शॉर्ट सर्किट के कारण शोरूम में आग लगी थी। शोरूम के ऊपर की मंजिलों में छह फ्लैट थे, जिनका इस्तेमाल गेस्ट हाउस के रूप में हो रहा था और छह परिवार फ्लैटों में रुके थे।
आग बुझाने के बाद फायर ब्रिगेड के विशेषज्ञों ने आग लगने की वजह पता की। सबसे पहले आग शोरूम के उस हिस्से में लगी थी, जहां ई-रिक्शा चार्ज हो रहे थे। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी गई। अब इस मामले में आगे की जांच की जा रही है। उधर रहवासियों में भी शोरूम को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि आवासीय बिल्डिंग में शोरूम संचालित किए जा रहे हैं।
35 गाड़ियां जलीं
शोरूम में दोपहिया और तीनपहिया वाहन खड़े थे। आग के कारण 35 वाहन जल गए। आग पहली और दूसरी मंजिल पर नहीं पहुंची, लेकिन गाड़ियों के टायर जलने के कारण धुआं तेजी से ऊपर की तरफ पहुंचा और फ्लैटों में घुसने लगा। इसके बाद फ्लैटों में रहने वाले परिवार छत की तरफ भागे और फिर रहवासियों ने रस्सी और सीढ़ी की मदद से उन्हें सुरक्षित निकाला। आसपास के लोगों ने पत्थर फेंककर खिड़कियों के शीशे तोड़े, ताकि धुआं बाहर निकल सके।
आपको बता दें कि शुक्रवार को एक अपार्टमेंट में आग लग गई थी। लोगों ने अपार्टमेंट में फंसे 20 परिवारों को बचाया। एक पति-पत्नी अपनी बेटी के साथ डेढ़ फीट के छज्जे पर पाइप पकड़कर खड़े रहे। बाद में उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया
