मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा के दोनों उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के बाद कांग्रेस भी अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गई है। कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन भोपाल पहुंचकर लगातार नेताओं और विधायकों से मुलाकात कर रही हैं। शनिवार को उन्होंने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
आज शाम पांच बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति तय की जाएगी। साथ ही, क्रॉस वोटिंग की आशंकाओं को देखते हुए विधायकों को एकजुट रखने पर भी मंथन होगा।
क्या बोलीं मीनाक्षी नटराजन?
मीनाक्षी नटराजन ने राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रदेश नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की लड़ाई को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ वह चुनाव मैदान में उतरी हैं।
पढ़ें: भाजपा प्रत्याशी तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने भरा नामांकन, सीएम मोहन यादव रहे साथ
भाजपा के संभावित तीसरे उम्मीदवार और क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि जो भी परिस्थितियां सामने आएंगी, उनका मजबूती से सामना किया जाएगा। उन्हें विश्वास है कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई में जीत होगी।
सिंघार क्या बोले?
वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जब भी अपना कोई दांव चलेगी, कांग्रेस उसका जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। पार्टी चुनाव को लेकर सतर्क है और सभी विधायक एकजुट हैं। वहीं, मीनाक्षी नटराजन ने बताया कि उनकी और उमंग सिंघार की राजनीतिक यात्रा यूथ कांग्रेस से शुरू हुई थी। आज उमंग सिंघार नेता प्रतिपक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं और सभी विधायक मिलकर पार्टी की लड़ाई को और मजबूती देंगे।
