भोपाल में शनिवार-रविवार की दरमियानी आधी रात एक शराब के नशे में धुत लॉ छात्र ने सड़कों को रणभूमि में बदल दिया। तेज रफ्तार कार से रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-1 से लेकर मिनाल रेसीडेंसी तक करीब 12 किलोमीटर के सफर में उसने राहगीरों, बाइक सवारों, ठेलों और वाहनों को टक्कर मारते हुए अफरा-तफरी मचा दी। इस सनसनीखेज घटनाक्रम में महिला और बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए, जबकि एक मासूम की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मानें तो करीब 40 लोगों को कार ने टक्कर मारी है, लेकिन बजरिया पुलिस ने बताया कि आधा दर्जन ही घायल हैं, कुछ लोगों को मामूली चोट या खरोंच लगी थी जो अस्पताल जाने लायक नहीं थे।

बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा कौरव ने बताया कि पुष्पा नगर निवासी 19 वर्षीय सर्वा दुबे लॉ प्रथम वर्ष का छात्र है। वह अपने दोस्त आदित्य हरियालिया की कार से बैरागढ़ स्थित एक क्लब में जन्मदिन पार्टी मनाने गया था। आदित्य के पिता विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) में प्रधान आरक्षक हैं। पार्टी में शराब पीने के बाद उसने कार स्टेयरिंग संभाली और देर रात रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पहुंचते ही एक राहगीर को टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और बजरिया, चांदबड़, सेमरा गेट, सब्जी मंडी, कोलुआ, गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र होते हुए अयोध्या नगर स्थित मिनाल रेसीडेंसी तक कई लोगों को अपनी चपेट में लिया।

ये भी पढ़ें- Twisha Sharma Case: त्विषा केस में नया मोड़, गर्भ के बाद बढ़ा विवाद, समर्थ सिंह के दावों ने खड़े किए सवाल

कार पंक्चर होने के बाद रुका आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी इतनी तेज और लापरवाही से कार चला रहा था कि कई बार उसने वाहन रिवर्स लेकर लोगों को कुचलने की कोशिश भी की। लगातार हादसों के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, लेकिन आरोपी नहीं रुका। घटनाओं की जानकारी मिलते ही सैकड़ों लोग कार के पीछे दौड़ पड़े। आखिरकार मिनाल रेसीडेंसी गेट नंबर-3 के पास कार का पहिया पंक्चर हो गया, जिसके बाद लोगों ने चालक सर्वा दुबे और कार मालिक आदित्य हरियालिया को पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची बजरिया थाना पुलिस ने किसी तरह आरोपियों को भीड़ से बचाया और हिरासत में लिया।

पुलिस का कहना है कि यह घटनाक्रम बजरिया, अशोका गार्डन और अयोध्या नगर थाना क्षेत्रों में हुआ। फिलहाल पुलिस अस्पतालों और पीड़ितों से संपर्क कर घायलों की सही संख्या और उनकी स्थिति की जानकारी जुटा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी शिल्पा कौरव ने बताया कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सभी पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *