नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दुष्कर्म से आहत पीएचडी कर रही छात्रा ने दतिया के गोराघाट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा के साथ मार्च में ग्वालियर के पड़ाव स्थित होटल राम्या पैलेस में उसकी सहेली के भाई योगेश रावत ने दुष्कर्म किया था। छात्रा को होटल के कमरे में नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर ज्यादती की थी। जब होश आया तो शादी करने की बात कही। इसके बाद वह शादी से मुकर गया।

एसएसपी कार्यालय में की थी शिकायत

छात्रा ने आरोपित योगेश के खिलाफ एफआईआर के लिए तीन दिन पहले ग्वालियर के एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी। इस मामले में पुलिस आरोपित की घेराबंदी में लगी थी। एफआईआर हो पाती, इससे पहले ही छात्रा ने शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर में फांसी लगा ली।

रात 11.55 बजे पड़ाव थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। छात्रा से मेडिकल कराने के लिए संपर्क किया, तब पुलिस को आत्महत्या का पता लगा। फिर गोराघाट पुलिस से पड़ाव थाना पुलिस ने संपर्क किया। इसमें सामने आया कि छात्रा ने एक पेज का सुसाइड नोट भी लिखा है। जिसमें उसने योगेश रावत और उसकी दो सगी बहनों को मौत का जिम्मेदार बताया है। पड़ाव थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

आरोपित की घेराबंदी के लिए टीमें लगी हैं। खबर लिखे जाने तक वह पकड़ा नहीं गया है। वहीं गोराघाट पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। सुसाइड नोट के आधार पर जांच की जा रही है। गोराघाट पुलिस भी इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज करेगी।

यह है पूरा मामला?

छात्रा मूल रूप से दतिया की रहने वाली है। ग्वालियर में रहकर वह पीएचडी कर रही थी। उसकी मुलाकात सहेली पूनम रावत और प्रियंका रावत के भाई योगेश पुत्र दामोदर रावत निवासी पचौखरा दतिया से हुई। योगेश उससे मिलने ग्वालियर आया। उसे 15 मार्च को होटल राम्या पैलेस के कमरा नंबर-107 में ले गया।

यहां उसे कोल्डड्रिंक पिलाई और पेटीज खिलाई। इसके बाद छात्रा बेहोश हो गई। जब होश आया तो वह बिना कपड़ों के थी, साथ में योगेश लेटा हुआ था। वह रोने लगी तो योगेश ने शादी की बात कही। फिर छात्रा से उसने दोबारा इसी होटल में संबंध बनाए। 18 अप्रैल को तबीयत बिगड़ने पर छात्रा अस्पताल गई तो पता लगा वह गर्भवती है। योगेश ने गर्भपात कराया।

जब उसने शादी के लिए कहा तो योगेश ने फोन उठाना बंद कर दिया। तभी से छात्रा परेशान थी। जब उसकी बहनों से कहा तो उसकी बहनों ने छात्रा के दतिया और ग्वालियर के किराये के घर पर हंगामा किया।

सुसाइड नोट के अंश….

“मैं मरने जा रही हूं। कारण है मेरा दोस्त योगेश और उसकी दो बहनें। योगेश ने मुझे ब्लैकमेल किया कि वह मर जाएगा या मार देगा। मेरे फोटो और वीडियो वायरल कर देगा। ऐसी धमकी दी है। मैं थाने भी गई, वहां भी कार्रवाई चल रही है। उसके बावजूद उसकी बहनें पूनम रावत व प्रियंका रावत मेरे स्थायी पते पर झूठ बाेलकर घर पर हंगामा किया।

फिर वह मेरी दीदी की ससुराल जाकर वहां भी धमकियां दीं। इसके बाद मेरे हाल के पते ग्वालियर जाकर मुझे जान से मारने की धमकी दी। गली में गाली-गलौज किया और गली में चिल्ला-चिल्लाकर मुझे बदनाम किया गया। इस सब से मुझे तो दिक्कत हो ही रही है, मेरे घर वाले भी इनसे बहुत परेशान हैं।

इनका पूरी जानकारी- योगेश पुत्र दामाेदर रावत निवास पचौखरा थाना गोराघाट एवं इसमें शामिल पूनम रावत और प्रियंका रावत। मेरा पुलिस से निवेदन है कि इनको सजा दी जाए और आगे कभी ये किसी की जिंदगी ऐसी नर्क न बनाएँ कि इंसान को इतना मजबूर होना पड़े।”

“छात्रा की शिकायत आई थी। शिकायती आवेदन पर से एफआईआर कर ली। जब मेडिकल के लिए संपर्क किया तब पता लगा कि उसने आत्महत्या कर ली है। दुष्कर्म के आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे।”

– शैलेंद्र भार्गव, थाना प्रभारी, पड़ाव



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *