नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। टेकनपुर रोड स्थित बार्डर रिसोर्ट एंड होटल में पुलिस ने छापा मारा। यहां रिसोर्ट की आड़ में सेक्स रैकेट और जुए का अड्डा चलाया जा रहा था। काल गर्ल को एक युवक के साथ संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया। इसके अलावा होटल से जुआ खेलते 10 लोग भी मिले, जिनके पास से एक कार, बाइक और 15 हजार रुपये बरामद हुए हैं।
युवती संदिग्ध अवस्था में मिली
मौके पर होटल चलाने वाले परवेंद्र जाटव को पकड़ लिया गया है, जबकि यह रिसोर्ट सीमा सुरक्षा बल से रिटायर्ड देवेंद्र जाट का है। पुलिस अभी तस्दीक कर रही है। एएसपी महिला सेल विदिता डागर को सूचना मिली थी कि टेकनपुर स्थित बार्डर रिसोर्ट में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। उन्होंने पहले यहां दो सिपाही भेजकर तस्दीक कराई। इसके बाद बुधवार दोपहर यहां डीएसपी शिखा सोनी, महिला थाना प्रभारी रश्मि भदौरिया, एसआइ ज्योति शर्मा व अन्य महिला पुलिस अधिकारियों के साथ छापा मारा।
यहां एक कमरे में युवती संदिग्ध अवस्था में श्याम शर्मा निवासी सिटी सेंटर के साथ मिली। होटल के एक कमरे में जुआ भी चल रहा था, जहां से 10 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। पुलिस को देखते ही यह लोग भागने लगे, लेकिन काफी संख्या में फोर्स थी तो पकड़ लिया गया।
पुलिस ने परवेंद्र जाटव को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि होटल देवेंद्र जाट का है। संचालक की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है। इस मामले में महिला थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है। महिला थाना पुलिस ने परवेंद्र जाटव और श्याम शर्मा के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। वहीं जुए के मामले में डबरा सिटी थाने में एफआइआर दर्ज की जा रही है।
परवेंद्र के मोबाइल में काल गर्ल की फोटो
परवेंद्र लंबे समय से यहां अनैतिक काम करवा रहा है। परवेंद्र के मोबाइल में कई काल गर्ल की फोटो मिली हैं। वह ग्राहकों को फोटो दिखाता था, जो पसंद आती थी, उसे फोन कर बुलवा लेता था। करीब एक सैंकड़ा काल गर्ल के नंबर उसके मोबाइल में हैं।
एक बार फिर टेकनपुर चौकी का स्टाफ कटघरे में
एक बार फिर टेकनपुर चौकी का स्टाफ कटघरे में हैं, इससे पहले गांजा तस्कर को पकड़ा गया था। उस समय डबरा देहात पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी। अब महिला पुलिस अधिकारियों ने यह कार्रवाई की। सबसे बड़ा सवाल है- जब ग्वालियर में तैनात महिला पुलिस अधिकारियों को खबर लग गई तो टेकनपुर पुलिस चौकी तक खबर क्यों नहीं पहुंची। पहले गांजा पकड़े जाने पर तत्कालीन चौकी प्रभारी बलवीर मावई को लाइन हाजिर कर दिया गया था।
एएसपी ने कहा…
बार्डर रिसोर्ट में सेक्स रैकेट और जुए का अड्डा चल रहा था। यहां से दो आरोपी पकड़े हैं। जुआ खेलने वालों को पकड़कर डबरा सिटी पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। संचालक की भूमिका को लेकर जांच की जा रही है। – विदिता डागर, एएसपी
