मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी युवाओं, रोजगार, शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन शुरू करने जा रही है। उन्होंने घोषणा की कि 16 मई को कांग्रेस पार्टी विस्तृत प्रेस वार्ता कर युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन, सुझाव और समाधान आधारित कार्यक्रमों का ऐलान करेगी।भोपाल में आयोजित पत्रकार वार्ता में पटवारी ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती घोटाले और परीक्षा अनियमितताओं से देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल रही है।
नीट घोटाले ने छात्रों का भरोसा तोड़ा
पटवारी ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों को मानसिक तनाव में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई और कोचिंग पर लाखों रुपए खर्च करते हैं, लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था उनकी मेहनत पर पानी फेर रही है।उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियां सामने आ चुकी हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक के मामलों का जिक्र करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
यह भी पढ़ें-MP में बढ़ी तपिश, पारा 46 डिग्री पार, मालवा-निमाड़ सबसे ज्यादा गर्म, 4 दिन तक लू का प्रकोप
विशेषज्ञ समिति करेगी रणनीति तैयार
जीतू पटवारी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने युवाओं, रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सुझाव तैयार करने के लिए विशेषज्ञों की एक समिति बनाई है। यह समिति परीक्षा प्रणाली में सुधार, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर रोडमैप तैयार करेगी।
यह भी पढ़ें-सीबीएसई बोर्ड 12वीं का परिणाम जारी, देश के 17 रीजन में 15वें स्थान पर रहा मध्य प्रदेश
युवाओं की आवाज दबाने नहीं देंगे
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार बेरोजगारी, भर्ती में देरी और परीक्षा घोटालों जैसे मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि 16 मई को होने वाला कार्यक्रम केवल राजनीतिक घोषणा नहीं होगा, बल्कि युवाओं के भविष्य और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की आगे की रणनीति का बड़ा संकेत होगा।