राजधानी से रिश्तों में विश्वास, धोखे और कानूनी छल का एक बेहद चैंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बैंक मैनेजर महिला को उसके पति ने पहले गुपचुप तरीके से तलाक दे दिया और फिर वर्षों तक उसे इस सच्चाई से अनजान रखकर पति-पत्नी की तरह संबंध बनाता रहा। हैरानी की बात यह है कि महिला को अपने तलाक की जानकारी तब मिली, जब उसने खुद पति की प्रताड़ना से परेशान होकर उसे कानूनी नोटिस भेजा। तब पता चला कि अदालत में दोनों का तलाक तो वर्ष 2019 में ही हो चुका था।
बुलंदशहर का रहने वाला है आरोपी पति, वर्ष 2011 में हुई थी शादी
38 वर्षीय पीड़ित महिला भोपाल में एक बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उसकी शादी वर्ष 2011 में उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर निवासी युवक से हुई थी। आरोपी गुजरात की एक कंपनी में नौकरी करता है और अक्सर भोपाल आता-जाता था। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति का व्यवहार बदलने लगा। वह छोटी-छोटी बातों पर प्रताड़ित करता और मारपीट करता था।
ये भी पढ़ें- ISI से जुड़े एमपी के तीन युवक; मंदिर-ढाबा और मिलिट्री कैंप में करने वाले थे धमाका, पाकिस्तान भेजी तस्वीरें
पत्नी का गलत पता दिया, ताकि उसे कोर्ट का नोटिस न मिले
भोपाल के महिला थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी पति ने बुलंदशहर कोर्ट में तलाक की अर्जी लगाई थी। उसने जानबूझकर पत्नी का भोपाल का गलत पता दर्ज कराया, ताकि अदालत से भेजे गए समन और नोटिस महिला तक न पहुंच सकें। पत्नी की गैरहाजिरी में कोर्ट ने एकतरफा सुनवाई करते हुए वर्ष 2019 में तलाक की डिक्री जारी कर दी। महिला को इस पूरे घटनाक्रम की भनक तक नहीं लगी और आरोपी लगातार उसके संपर्क में बना रहा।
तलाक के बाद भी बनाता रहा संबंध
पीड़िता का आरोप है कि तलाक होने के बाद भी आरोपी पति उसके साथ पति-पत्नी की तरह रहता रहा और शारीरिक संबंध बनाता रहा। महिला को यह विश्वास दिलाया जाता रहा कि उनका वैवाहिक रिश्ता अभी भी कायम है। हाल ही में जब महिला ने प्रताड़ना से परेशान होकर पति को कानूनी नोटिस भेजा, तब उसे पूरे मामले की जानकारी मिली।
ये भी पढ़ें –छात्रा की मौत के 3 महीने बाद हॉस्टल मालिक ने की आत्महत्या, पत्नी बोली- पुलिस पूछताछ और धमकियों से थे परेशान
बेटी होने पर बढ़ी क्रूरता, तंत्र-मंत्र का भी आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी तंत्र-मंत्र में विश्वास रखता था और केवल बेटा चाहता था। उसने बेटे के जन्म के लिए एक विशेष तारीख और समय तक तय कर रखा था और पत्नी पर उसी समय प्रसव कराने का दबाव डालता था। जब महिला ने बेटी को जन्म दिया, तो आरोपी का व्यवहार और अधिक क्रूर हो गया। पीड़िता के अनुसार इसके बाद मारपीट और मानसिक प्रताड़ना लगातार बढ़ती गई। महिला थाना पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ रेप, प्रताड़ना और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। विवेचना अधिकारी उप निरीक्षक मोनिका सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में जल्दी ही एक टीम गुजरात जा सकती है।
