मशहूर रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ फेम और भोपाल के चर्चित ‘पॉइजन क्लीनिक’ के संचालक डॉक्टर अभिनीत गुप्ता एक बार फिर विवादों में हैं। जयपुर की एक महिला कारोबारी ने उन पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी और गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए भोपाल के महिला थाने में मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि डॉक्टर ने न केवल उसके साथ शादी का नाटक किया, बल्कि विरोध करने पर उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी।
इलाज के दौरान हुई दोस्ती और मंदिर में शादी का नाटक
जयपुर की रहने वाली 28 वर्षीय सराफा कारोबारी महिला ने पुलिस को बताया कि मई 2025 में वह अपने भाई के कहने पर भोपाल स्थित ‘पॉइजन स्किन क्लीनिक’ में इलाज कराने आई थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात डॉक्टर अभिनीत गुप्ता से हुई। इलाज के बाद जब वह जयपुर लौट गई, तो डॉक्टर ने उससे मैसेज पर बातचीत शुरू कर दी, जो धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई। पीड़िता के अनुसार, अभिनीत ने उसे शादी का प्रस्ताव दिया और स्वजनों से मिलवाने के बहाने भोपाल बुलाया। इसके बाद वह उसे उज्जैन ले गया, जहाँ महाकाल मंदिर में उसने महिला की मांग भरकर शादी का नाटक किया।
दुष्कर्म और चेन्नई में धोखे से कराया गर्भपात
पीड़िता का आरोप है कि उज्जैन से लौटने के बाद आरोपी उसे अपने भोपाल स्थित घर ले गया, जहाँ उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब पीड़िता गर्भवती हो गई और उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी उसे बहाने से चेन्नई ले गया। वहां उसे धोखे से गर्भपात की दवा खिला दी गई। मामला बिगड़ता देख आरोपी ने चेन्नई के एक मंदिर में दोबारा उसकी मांग भरी, लेकिन वापस आने के बाद उसने सारे रिश्ते तोड़ लिए।
पुलिस पर मिलीभगत और डॉक्टर पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
महिला ने एक गंभीर आरोप यह भी लगाया कि जब वह इस मामले की शिकायत करने कोलार थाने पहुंची, तो पुलिस ने उसकी मदद करने के बजाय इसकी जानकारी डॉक्टर अभिनीत गुप्ता को दे दी। इसके बाद डॉक्टर ने पीड़िता को डराने के लिए उस पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप मढ़ दिया। पीड़िता ने जब शिकायत वापस लेने से इनकार किया, तो डॉक्टर ने उसके प्राइवेट फोटो और वीडियो उसके भाई को भेज दिए और उन्हें वायरल करने की धमकी दी।
ये भी पढ़ें- Bhopal: अरेरा कॉलोनी में वृद्ध दंपति से डिजिटल अरेस्ट कर 37 लाख की ठगी; मुंबई पुलिस व CBI अधिकारी बनकर डराया
फर्जी केस और पैसों की लेनदेन
जांच में यह भी सामने आया है कि डॉक्टर ने पीड़िता के खिलाफ कोर्ट में धोखाधड़ी का एक परिवाद भी दायर किया है, जिसे पीड़िता ने पूरी तरह फर्जी बताया है। महिला का दावा है कि उसने डॉक्टर को 50 हजार रुपये दिए थे, जो उन्होंने वापस नहीं किए। फिलहाल, महिला थाना पुलिस ने डॉक्टर अभिनीत गुप्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। हालांकि, इस मामले में अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
