शुरुआत में प्रदर्शन सांकेतिक नजर आया, लेकिन भीड़ बढ़ने के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता हाईवे की दोनों लेन पर बैठ गए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो …और पढ़ें

HighLights
- निरावली तिराहा पर कांग्रेस का चक्काजाम
- ग्वालियर-भिंड-मुरैना रूट पर वाहनों की लंबी कतारें
- ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए चार गुना मुआवजा और समर्थन मूल्य खरीदी की मांग पर आंदोलन
नईदुनिया प्रतिनिधि ग्वालियर/ मुरैना। ग्वालियर, मुरैना समेत मध्य प्रदेश के सात जिलों में कांग्रेस ने शुक्रवार को किसानों के मुद्दों को लेकर बड़ा आंदोलन किया। पार्टी ने आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मुरैना जिले के बानमोर थाना क्षेत्र स्थित निरावली तिराहा पर सुबह 11 बजे से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जुटने लगे। शुरुआत में प्रदर्शन सांकेतिक नजर आया, लेकिन भीड़ बढ़ने के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता हाईवे की दोनों लेन पर बैठ गए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
200 कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी, एक बजे के बाद खुला जाम
कांग्रेस नेताओं ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में किसानों को हो रही परेशानियों और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहित जमीनों का चार गुना मुआवजा देने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते मुरैना, भिंड और ग्वालियर की ओर आने-जाने वाला ट्रैफिक प्रभावित हो गया। बताया जा रहा है कि कांग्रेस शाम चार बजे तक चक्काजाम जारी रखने की तैयारी में है।

आंदोलन में पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, सुरेंद्र यादव, प्रभुदयाल जौहरे, विधाक डा. सतीश सिंह सिकरवार, विधायक साहब सिंह गुर्जर, सुरेश राजे. प्रवीण पाठक सहित मुरैना, भिंड और ग्वालियर क्षेत्र के कई विधायक और पदाधिकारी शामिल रहे। आंदोलन करीब ढाई घंटे चला और एक बजे के बाद 200 कांग्रेसियों ने गिरफ्तारियां दी और इसके बाद जाम खोल दिया गया।
इधर, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। मुरैना एसपी धर्मराज मीणा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि हाईवे जाम नहीं होने दिया जाएगा और यातायात बाधित करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांकेतिक धरना दे सकती है, लेकिन सड़क जाम करने की अनुमति नहीं है। मौके पर 250 से अधिक पुलिसकर्मी और रिजर्व फोर्स तैनात की गई है।
शिवपुरी में भी चक्काजाम
शिवपुरी में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एबी रोड स्थित पड़ौरा पटेल चौक पर चक्काजाम किया। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल, लाखन सिंह यादव और फूलसिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी के समर्थन में नारेबाजी करते हुए पार्टी के झंडे लहराए। चक्काजाम के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
