नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। इस बार मई का महीने में अंचल के लोगों को अधिक गर्मी सहनी नहीं पड़ेगी, क्योंकि तापमान सामान्य रहेगा या सामान्य से कम रहेगा। साथ ही वर्षा भी सामान्य ही होगी। यह संभावना केंद्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मई महीने के पूर्वानुमान को लेकर जारी किए गए आउट लुक में कहा गया है।
वैसे, तापमान रहता है 45 डिसे के करीबी
इसके साथ ही हीटवेव के दिन भी सामान्य रहेंगे या सामान्य से कम ही रहेंगे। यहां बता दें कि ग्वालियर में मई के महीने में आमतौर पर तापमान 42 से 45 डिसे के बीच में रहता है। ऐसे में इस बार उम्मीद कम है कि तापमान 45 से ऊपर जाए।
वर्षा की रहेगी यह स्थिति
मई महीने में ग्वालियर अंचल में पांच से 10 मिमी वर्षा सामान्य रूप से होती है। इस बार भी इतनी ही वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही हीटवेव के दिन भी सामान्य रहेंगे या सामान्य से कम ही रहेंगे।
क्यों होगा ऐसा
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मई के महीने में पश्चिमी विक्षोभ सहित अन्य सिस्टम लगातार विकसित होते रहेंगे। ऐसे में इस बार तापमान में अधिक बढ़ोतरी अधिक नहीं होगी और गर्मी का प्रकोप कम रहेगा। अभी अलनीनो प्रभाव भी नहीं है। इस वजह से भी तापमान सामान्य या सामान्य से कम रहेगा।
आगामी चार दिन तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक वर्तमान में दो पश्चिमी विक्षोभ अलग-अलग जगहों पर सक्रिय हैं। इसके अलावा चक्रवातीय प्रसार बने हुए हैं। इन सिस्टमों की वजह से आगामी चार दिन तक अंचल में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ वर्षा हो सकती है और तेज हवा यानी आंधी भी चल सकती है।
37 से 40 डिसे के बीच रहेगा तापमान
साथ ही तापमान भी 37 से 40 डिसे के बीच रहेगा। शुक्रवार को दिन का तापमान 37.4 डिसे पर आ गया। यह तापमान सामान्य से 4.3 डिसे कम रहा। इसी तरह रात का तापमान भी सामान्य से 3.3 डिसे कम यानि 22.5 डिसे रहा। साथ ही वातावरण में नमी रहने से दिन में लोगों को अधिक गर्मी का अहसास नहीं हुआ।
मई महीने के फैक्ट
– औसत अधिकतम तापमान: मई में दिन का पारा आमतौर पर 42 से 45 डिसे के बीच रहता है। भीषण गर्मी के दिनों में यह कभी-कभी 47 डिसे को भी पार कर जाता है।
– औसत न्यूनतम तापमान: रातें भी काफी गर्म होती हैं, जहां न्यूनतम तापमान 26 डिसे से 30 डिसे के आसपास बना रहता है।
-वर्षा की स्थिति: मई मुख्य रूप से एक शुष्क महीना है, लेकिन इस महीने में औसत वर्षा मात्र पांच मिमी से 10 मिमी के आसपास होती है।
