ग्वालियर में महिला को पति ने बीच सड़क तीन तलाक देकर छोड़ा। प्रताड़ना के बाद पीड़िता ने शिकायत की, पुलिस ने कानून के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। …और पढ़ें

HighLights
- शादी के छह माह बाद पति ने दिया तीन तलाक
- महिला को कई बार घर से निकालकर किया प्रताड़ित
- बीच सड़क मारपीट के बाद रिश्ता खत्म कर चला गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के महाराजपुरा क्षेत्र में तीन तलाक का संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां मुस्लिम महिला को निकाह के करीब 6 माह बाद ही उसके पति ने बीच सड़क पर तलाक, तलाक, तलाक बोलकर रिश्ता खत्म कर लिया। महिला 4 माह तक उसका इंतजार करती रही। कई बार फोन पर बात करने की कोशिश की, लेकिन न तो वह महिला को लेने आया, यहां तक कि फोन तक उठाना बंद कर दिया। परेशान होकर महिला ने महाराजपुरा थाने में शिकायत की।
इस मामले में पुलिस ने मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकार का संरक्षण) अधिनियम, 2019 की धारा-4 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (2) में एफआइआर दर्ज कर ली है। आरोपी आगरा का रहने वाला है। अब पुलिस उसकी गिरफ्तारी करेगी।
चार माह में तीन बार घर से निकाला
- महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीएसएफ कॉलोनी में रहने वाली 24 वर्षीय समायरा खान का निकाह 10 जून को मुस्लिम रीति रिवाज से आगरा के रहने वाले अशमन पुत्र शमशाद खान से हुआ था। निकाह के बाद से ही वह उसे प्रताड़ित करने लगा।
- शादी के महज एक माह बाद ही मारपीट घर से निकाल दिया। उसके बाद वह घर पहुंची तो फिर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। शादी के 4 माह में वह तीन बार उसे घर से निकाल चुका था। पीड़िता ग्वालियर आ गई। यहां वह अपने घर रह रही थी।
बीच सड़क पर तलाक-तलाक-तलाक बोलकर किया रिश्ता खत्म
- 17 दिसंबर 2025 को वह अशमन खान ग्वालियर आया। दीनदयाल गेट के पास बीच सड़क पर उसकी मारपीट करने लगा। उसके बाद सड़क पर ही तीन बार तलाक बोलकर कहा कि अब रिश्ता खत्म, वह उसकी पत्नी नहीं है। उसके बाद चला गया।
- महिला को लगा कि वह गुस्से में ऐसा कह रहा है। अब तक महिला ने उसका इंतजार किया, जब उसने फोन तक उठाना बंद कर दिया। फिर पीड़िता ने शिकायत की। इस मामले में पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।
