राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में 11 महीने से शिलांग की जेल में बंद सोनम रघुवंशी मंगलवार देर शाम रिहा हो चुकी है। वह अपने पिता के साथ वहां पर है।जब सोनम का नाम राजा रघुवंशी की हत्या में सामने आया था, तब उनके पिता देवी सिंह रघुवंशी ने कहा था कि हमारे लिए सोनम मर चुकी है। उन्होंने ही शिलांग जाकर सोनम रघुवंशी की पचास हजार रुपये के मुचलके पर जमानत कराई, और वह उनके साथ है, जबकि सोनम का भाई गोविंद इंदौर में ही है।अब राजा रघुवंशी का परिवार जमानत खारिज कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका लगाने की तैयारी कर रहा है।
दो बार पहले जमानत आवेदन खारिज हो चुका
सोनम रघुवंशी ने दो बार पहले भी शिलांग कोर्ट में जमानत आवेदन दिया था, जो खारिज हो गया। लेकिन तब विपिन के वकील ने आपत्ति दर्ज कराई थी और कहा था कि इस केस में ट्रायल शुरू हो चुका है और सोनम को यदि जमानत दी जाती है तो वह गवाहों को प्रभावित कर सकती है। इसके बावजूद कोर्ट ने बाद में सशर्त जमानत दे दी।
शिलांग पुलिस ने सोनम को हत्या में शामिल होने और षड़यंत्र करने का आरोपी माना, लेकिन गिरफ्तारी के समय गलत धारा लगाने और ट्रायल में गवाहों के बयानों में देरी के आधार पर उसे जमानत मिल गई।
सोनम को हमले का मास्टरमाइंड माना
सोनम को हमले का मास्टरमाइंड इसलिए माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने झरने से पहले सीढ़ियों पर चढ़ते समय आरोपियों से बैठक की। उन्हें पंद्रह हजार रुपये दिए गए। इसके बाद बंद पार्किंग यार्ड में सोनम के आदेश पर तीनों युवकों ने राजा पर वार किए। राजा को खाई में फेंकने में सोनम ने मदद की। इसके पहले शरीर से चेन, अंगूठी और ब्रेसलेट भी निकलवाए गए। हत्या के बाद आरोपी 11 किलोमीटर आगे सोनम से मिले थे।
सोनम का प्रेमी राज भले ही आरोपियों के साथ शिलांग नहीं गया, लेकिन साजिश में वह शामिल था। सोनम और राजा की शादी के पहले ही राज ने हत्या की प्लानिंग की थी। उसने सबसे पहले अपने दोस्त विशाल को तैयार किया। फिर दूसरे दोनों आरोपी राजी हुए। सोनम से मिल रही लोकेशन राज ने हत्यारों को भेजी। हत्या के बाद हत्यारों से बैठक की। सोनम इंदौर आई तो उसे भी रोकने के इंतजाम किए गए और फ्लैट किराए पर लिया।
राजा की मां ने कहा – सोनम ने क्यों की मेरे बेटे की हत्या
राजा रघुवंशी की मां उमा ने कहा कि सोनम को जमानत मिल गई। यह पुलिस की लापरवाही से हुआ है। उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए। मेरे राजा का क्या कसूर था कि उसने उसे मार दिया। सोनम यदि इंदौर आएगी तो यह बात उससे पूछूंगी।
