नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। देश के प्रमुख मेडिकल कालेजों में एमबीबीएस में दाखिले के लिए नीट यूजी-2026 की परीक्षा तीन मई को आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से होने जा रही यह परीक्षा शहर के 25 परीक्षा केंद्रों में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। इस परीक्षा में कुल 10,711 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ किया जाएगा। सभी परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। इसके बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। रिपोर्टिंग टाइम सुबह 10.30 बजे से रहेगा।
इलेक्ट्रानिक डिवाइस की अनुमति नहीं
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, बैग एवं किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रानिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केंद्रों पर किसी भी सामान को रखने की व्यवस्था नहीं रहेगी। अभ्यर्थी केवल पारदर्शी पानी की बोतल अपने साथ ले जा सकेंगे। इसलिए किसी भी प्रकार का सामान लेकर छात्र घर से न चलें।
ये रहेंगे परीक्षा केंद्र
केंद्रीय विद्यालय एक, दो, तीन, चार, पांच, आर्मी पब्लिक स्कूल, केआरजी, एमएलबी, साइंस कालेज, वीआरजी, पालीटेक्निक भामीराव आम्बेडकर, गजराराजा स्कूल, गोरखी स्कूल, बीएड कालेज, उमा बालक विद्यालय शिक्षा नगर, एमएलबी स्कूल, एसएलपी कालेज, गनर्वमेंट गर्ल्स स्कूल थाटीपुर, उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक एक मुरार, उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक दो।
सभी केंद्रों में जनरेटर एवं ठंडे पानी की व्यवस्था रहेगी
संयुक्त कलेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि गर्मी को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर जनरेटर, ठंडे पानी एवं वेरिफिकेशन के दौरान छाया के लिए टेंट की व्यवस्था की गई है। एनटीए द्वारा परीक्षा संचालन के लिए केंद्रीय विद्यालय क्रमांक तीन के प्राचार्य रोहित सक्सेना, एवं केंद्रीय विद्यालय एक के प्राचार्य राजेश पांडेय को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा के सुचारू एवं सफल संचालन के लिए कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक-113 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
कंट्रोल रूम से ले सकते है जानकारी
कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 0751-2446214 है। यह कंट्रोल रूम तीन मई को सुबह नौ बजे से परीक्षा समाप्ति तक अधीक्षक कलेक्ट्रेट आरआई भगत के निर्देशन में कार्यशील रहेगा। परीक्षा से संबंधित शिकायत एवं सुझाव के लिए अभ्यर्थी एवं संबंधित व्यक्ति यहां संपर्क कर सकते हैं।
