फैशन टीवी की फ्रेंचाइजी दिलाने और निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर देशभर में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले मास्टरमाइंड काशिफ खान समेत तीन आरोपियों को उत्तर प्रदेश पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, आरोप है कि ग्वालियर पुलिस अभी तक आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर नहीं लाई है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, फैशन टीवी की फ्रेंचाइजी और विभिन्न निवेश योजनाओं के नाम पर करीब 200 लोगों से लगभग 500 करोड़ रुपये की ठगी करने वाली गैंग के सरगना काशिफ खान उर्फ कशीफ, सरदार हाशिम खान मलिक, ऑपरेशन हेड कृष्णा देवी तथा वित्त नियंत्रक नवीन आहूजा उर्फ “नवीन सर” को गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना पुलिस ने 3 अप्रैल को मुंबई से गिरफ्तार किया था। वर्तमान में सभी आरोपी गोरखपुर जेल में बंद हैं।

ग्वालियर से क्या है संबंध?

दरअसल, काशिफ खान, उसकी पत्नी रुक्मणी सिंह हुड्डा और सहयोगी दुष्यंत सिंह के खिलाफ ग्वालियर के थाटीपुर थाने में भी लाखों रुपये की ठगी का मामला दर्ज है। पीड़ितों का आरोप है कि गिरफ्तारी की जानकारी होने के बावजूद ग्वालियर पुलिस ने आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की कार्रवाई नहीं की और उनकी अनुपस्थिति में ही न्यायालय में चालान पेश कर दिया।

पढ़ें: इंदाैर में पोहा दिवस के साथ दिया फिटनेस का संदेश, साइकिल चलाने वालों में मची होड़

कब है इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई?

मामले में 8 जून को इलाहाबाद हाईकोर्ट में आरोपियों की जमानत याचिका पर सुनवाई प्रस्तावित है। ठगी के शिकार लोग आईजी, डीआईजी और एसएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों से अपना पैसा वापस दिलाने की मांग कर चुके हैं। उनका कहना है कि यदि आरोपियों को जमानत मिल गई तो उनके देश छोड़कर फरार होने की आशंका है।

क्या बोले आईजी ग्वालियर?

पीड़ितों का आरोप है कि ग्वालियर पुलिस की निष्क्रियता से ठगों को लाभ मिल सकता है। वहीं, जब इस संबंध में ग्वालियर जोन के आईजी अरविंद कुमार सक्सेना से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस से समन्वय कर जल्द ही आरोपियों को ग्वालियर लाने की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि काशिफ खान और उसकी गैंग के खिलाफ दुबई, मुंबई, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित कई स्थानों पर करोड़ों रुपये की ठगी के मामले दर्ज हैं। फैशन टीवी की फ्रेंचाइजी के नाम पर कथित ठगी का यह नेटवर्क पिछले करीब 14 वर्षों से सक्रिय बताया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *