नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की तिथि घोषित हो गई है। एक जून से 15 जून के बीच ग्वालियर सहित प्रदेश के 10 जिलों के अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। ग्वालियर और सागर में ऑनलाइन लिखित परीक्षा होगी। वहीं शारीरिक दक्षता परीक्षा ग्वालियर में कराने के लिए सेना के अधिकारियों ने कलेक्टर रुचिका चौहान को पत्र लिख दिया है।
अभ्यर्थियों की संख्या और आवेदन
यहाँ बता दें कि अग्निवीर भर्ती के लिए इस बार अधिकतम आयु 22 वर्ष अधिक की गई थी। इसके चलते करीब 48 हजार अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए। पहली बार इतनी अधिक संख्या में अभ्यर्थी अग्निवीर भर्ती लिखित परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इसलिए लिखित परीक्षा 15 दिन तक चलेगी।
ग्वालियर में दो और सागर में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, सागर, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़ के अभ्यर्थी लिखित परीक्षा देंगे। आगामी एक सप्ताह में अभ्यर्थियों को ई-मेल के जरिए प्रवेश पत्र भेजे जाएंगे। इसके अलावा जॉइन इंडियन आर्मी वेबसाइट से भी प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे।
शारीरिक दक्षता परीक्षा की चुनौती
लिखित परीक्षा की तारीख घोषित हो गई। 15 जून को लिखित परीक्षा संपन्न होने के बाद जल्द ही परिणाम भी आ जाएगा। हर बार की तरह इस बार भी बड़ी चुनौती शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए मैदान का चयन करना है। भिंड, मुरैना, ग्वालियर के सबसे ज्यादा अभ्यर्थी हैं। इसलिए सेना के अधिकारी चाहते हैं कि यहाँ शारीरिक परीक्षा हो। इसके लिए कलेक्टर को पत्र भी लिख दिया है।
लेकिन प्रशासन की ओर से हरी झंडी मिलेगी, तभी यहाँ शारीरिक परीक्षा होगी। वहीं शारीरिक परीक्षा की अनुमति अगर प्रशासन द्वारा यहाँ नहीं दी जाएगी तो शिवपुरी, दतिया और सागर में कराने को लेकर विचार किया जाएगा। यहाँ पहले से मैदान चिन्हित किए हैं।
भिंड-मुरैना के अभ्यर्थियों का दबदबा
30 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी भिंड, मुरैना के हैं। इस बार करीब 30 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी भिंड और मुरैना के ही हैं। इन दोनों जिलों के अभ्यर्थी ग्वालियर तक आसानी से आ सकते हैं। दूसरे जिले में इन्हें जाने में परेशानी होगी। इसके चलते ग्वालियर में ही शारीरिक परीक्षा कराई जाएगी।
कर्नल पंकज कुमार, डायरेक्टर, सेना भर्ती कार्यालय ने बताया कि अग्निवीर भर्ती के लिए एक से 15 जून के बीच लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जल्द ही अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए कलेक्टर ग्वालियर को पत्र लिखा है, अभी जवाब आना शेष है।
