यात्रियों की संख्या बढ़ाने और मेट्रो को लोगों के बीच लोकप्रिय बनाने की दिशा में भोपाल मेट्रो में रविवार को अनोखी पहल देखने को मिली। पहली बार मेट्रो कोच के भीतर संगीत, डांस और मनोरंजन से जुड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। करीब 100 प्रतिभागियों ने मेट्रो के सफर को पार्टी में बदल दिया और पूरे रूट पर गीत-संगीत का आनंद लिया।
मेट्रो सफर बना मनोरंजन का मंच
जरा हटके इवेंट्स और बॉस लेडी भोपाल के संयुक्त आयोजन में एम्स मेट्रो स्टेशन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। प्रतिभागियों के लिए पहले विभिन्न मनोरंजक और फिटनेस आधारित गतिविधियां कराई गईं। इसके बाद सभी ने मेट्रो में सफर किया, जहां डीजे की धुनों पर युवाओं और महिलाओं ने जमकर उत्साह दिखाया।
गेम्स और एक्टिविटी से हुई शुरुआत
आयोजकों ने कार्यक्रम को केवल डांस तक सीमित नहीं रखा। स्टेशन परिसर में प्रतिभागियों के लिए आइस ब्रेकिंग सेशन, रिफ्लेक्स गेम्स, बॉल बैलेंस और अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं। विजेताओं को उपहार और फूड कूपन भी दिए गए।
पुराने-नए गीतों पर झूमे प्रतिभागी
मेट्रो के भीतर बॉलीवुड, पंजाबी और पार्टी सॉन्ग्स का मिश्रण सुनाई दिया। सफर के दौरान प्रतिभागियों ने सेल्फी लीं, वीडियो बनाए और संगीत के साथ पूरे जोश से कार्यक्रम में हिस्सा लिया। एम्स स्टेशन से सुभाष नगर स्टेशन तक और वापसी के सफर में माहौल उत्सव जैसा बना रहा।
सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स को मिला नया मंच
आयोजकों का कहना है कि भोपाल मेट्रो की ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ योजना से प्रेरित होकर इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। सभी आवश्यक अनुमतियों और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आयोजन किया गया। मेट्रो प्रबंधन ने भी इसमें सहयोग दिया।
यात्रियों को जोड़ने की कोशिश
मेट्रो प्रशासन का मानना है कि ऐसी गतिविधियों से लोग सार्वजनिक परिवहन के प्रति आकर्षित होंगे। इसी उद्देश्य से मेट्रो में प्री-वेडिंग शूट, जन्मदिन समारोह और अन्य आयोजनों की अनुमति भी दी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि यह पहल शहर की बदलती जीवनशैली और नागरिकों की नई अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर शुरू की गई है।
यह भी पढ़ें-अब एमपी में वनरक्षक भर्ती परीक्षा कैंसिल, सर्वर हो गया था फेल; भड़के अभ्यर्थी
बुकिंग को लेकर दिखा उत्साह
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम के लिए अपेक्षा से अधिक लोगों ने रुचि दिखाई। निर्धारित क्षमता पूरी होने के बाद कई इच्छुक लोगों को शामिल नहीं किया जा सका। कार्यक्रम में युवाओं, फिटनेस प्रेमियों और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स की विशेष भागीदारी रही।
