राजधानी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां होटल की एक पूर्व महिला कर्मचारी ने वर्तमान रिसेप्शनिस्ट को होटल के कमरे में बंधक बनवाकर अपने बेटे और उसके दोस्त से दुष्कर्म करवाया। इसके बाद पीड़िता का अपहरण कर उसके साथ मारपीट भी की गई।
पुलिस के अनुसार, 23 वर्षीय पीड़िता मूलतः छतरपुर जिले की निवासी है और हाल ही में 1 अप्रैल को उक्त होटल में रिसेप्सनिस्ट के रूप में नौकरी पर रखी गई थी। इससे पहले विनीता नामक महिला वहां कार्यरत थी, जिसे हटाए जाने के बाद पीड़िता को नियुक्त किया गया था।
घटना शुक्रवार रात की है। रात करीब 9 बजे बिट्टू नाम का युवक अपने एक साथी के साथ होटल पहुंचा और कमरे की बुकिंग कराई। कुछ देर बाद दोनों ने रिसेप्शनिस्ट को कमरे में पानी न आने की शिकायत बताकर बुलाया। जैसे ही युवती कमरे में पहुंची, दोनों आरोपियों ने दरवाजा बंद कर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद एक आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि दूसरा आरोपी छेड़छाड़ करता रहा।
पीड़िता को धमकाया था
घटना के कुछ ही देर बाद होटल की पूर्व कर्मचारी विनीता वहां पहुंची और पीड़िता को धमकाया कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो उसके परिणाम गंभीर होंगे। इसके बाद वह पीड़िता को जबरन स्कूटी से बजरिया क्षेत्र ले गई, जहां उसके साथ मारपीट की गई।
होटल कर्मचारियों की सूचना पर कोलार पुलिस ने पीड़िता के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और बजरिया पहुंचकर उसे बरामद किया। प्रारंभ में पीड़िता डर के कारण कुछ भी बताने से बचती रही, लेकिन पुलिस द्वारा काउंसलिंग और सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद उसने पूरी घटना बताई। पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला विनीता को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसके बेटे और उसके साथी की तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का बेटा बालिग है या नाबालिग।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि विनीता के होटल संचालक से पूर्व में संबंध थे। नई रिसेप्शनिस्ट के आने के बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया था, जिससे वह नाराज थी। इसी रंजिश में उसने इस पूरे घटनाक्रम की साजिश रची। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और होटल संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
