राजधानी भोपाल के चंदनपुरा इलाके में शुक्रवार सुबह टाइगर की मौजूदगी से हड़कंप मच गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले एक दंपती का अचानक बाघ से आमना-सामना हो गया। महिला की सूझबूझ और तेज आवाज लगाने पर टाइगर झाड़ियों की ओर चला गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई और वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया।

कुछ कदम की दूरी पर था टाइगर

प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बताया कि वह सुबह अपने पति के साथ टहल रही थीं। इसी दौरान एक जंगली जानवर उनके बेहद करीब से गुजरा। पहले उन्हें लगा कि यह कोई कुत्ता है, लेकिन ध्यान से देखने पर पता चला कि वह टाइगर था। उनके पति थोड़ी दूरी पर थे, इसलिए उन्होंने जोर से आवाज लगाई। शोर सुनते ही टाइगर झाड़ियों की तरफ चला गया और दोनों की जान बच गई।

लोगों में मची अफरा-तफरी

घटना के समय इलाके में कई अन्य लोग भी मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। टाइगर को देखते ही अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने दूर से उसका वीडियो बनाया, जबकि कई लोग जान बचाने के लिए वहां से भाग निकले। कुछ लोगों ने टाइगर की दहाड़ सुनने का भी दावा किया।

फार्महाउस परिसर में घुसा टाइगर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झाड़ियों की ओर जाने के बाद टाइगर चंदनपुरा स्थित एक निजी फार्महाउस की बाउंड्री के भीतर चला गया। घटना सुबह करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।

यह भी पढ़ें-एमएलए रेस्ट हाउस में आधी रात बवाल, विधायक के बेटे पर चार युवकों को थाने में पीटने का आरोप

खुले रास्ते से जंगल से बाहर आने की आशंका

वन्यजीव विशेषज्ञ राशिद नूर के मुताबिक चंदनपुरा क्षेत्र टाइगर के प्राकृतिक कॉरिडोर के करीब है। यहां सुरक्षा के लिए जाली लगी हुई है, लेकिन उसका एक हिस्सा खुला होने के कारण संभावना है कि टाइगर उसी रास्ते से आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचा। उन्होंने बताया कि इस इलाके में पहले भी टाइगर की आवाजाही दर्ज की जा चुकी है।

बढ़ रहा मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा

विशेषज्ञों का कहना है कि जंगल से लगे क्षेत्रों में तेजी से हो रहे निर्माण और बढ़ती मानवीय गतिविधियों के कारण वन्यजीवों के प्राकृतिक रास्ते प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, मॉर्निंग वॉक और अन्य गतिविधियों के चलते लोगों की आवाजाही भी बढ़ गई है। ऐसे में इंसानों और वन्यजीवों के आमने-सामने आने की घटनाएं बढ़ने की आशंका है।

यह भी पढ़ें-भोपाल में आज मोहर्रम पर निकलेगा मातमी जुलूस: पुराने शहर में ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों की एंट्री बंद

वन विभाग ने जारी की अपील

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जब तक सर्चिंग अभियान पूरा नहीं हो जाता, तब तक चंदनपुरा और आसपास के जंगल से सटे इलाकों में मॉर्निंग वॉक या अनावश्यक आवाजाही से बचें। विभाग की टीम टाइगर की लोकेशन ट्रेस करने और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *