जब सिपाही टोकने लगा तो वह सिपाही से उलझ गया। यहां से तेज रफ्तार में बुलट मोड़कर ले गया और तुरंत ही लौटकर आया। सिपाही को थप्पड़ मारा और तेज रफ्तार में …और पढ़ें

HighLights
- चेकिंग के दौरान दारोगा से बदसलूकी और सिपाही को जड़ दिया थप्पड़
- आरोपित ने खुद का नाम गौरव दुबे बताकर पुलिसकर्मियों को दी चेतावनी
- 3 किलोमीटर तक पुलिस ने किया पीछा, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर भागा हमलावर
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बस स्टैंड पुलिस चौकी के सामने शनिवार-रविवार की रात करीब 1.30 बजे चेकिंग कर रहे दारोगा से बुलट सवार युवक ने बदसलूकी की। जब सिपाही टोकने लगा तो वह सिपाही से उलझ गया। यहां से तेज रफ्तार में बुलट मोड़कर ले गया और तुरंत ही लौटकर आया। सिपाही को थप्पड़ मारा और तेज रफ्तार में बुलट लेकर भाग गया। वह धमकाकर बोल रहा था- मुझे गौरव दुबे कहते हैं, वर्दी उतरवा दूंगा। इस मामले में पड़ाव थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। आरोपित की तलाश पुलिस कर रही है। खबर लिखे जाने तक वह पकड़ा नहीं जा सका है।
क्या है पूरा मामला?
पड़ाव थाने में पदस्थ आरक्षक भारत सिंह रात को पुलिस लाइन से थाने पहुंचे। रात्रि गश्त में एसडीओपी बेहट मनीष यादव थे। रात करीब एक बजे उन्होंने वायरलैस सेट से मैसेज किया कि एक घंटे की चेकिंग सभी थाना क्षेत्रों में लगाई जाए। बस स्टैंड पुलिस चौकी पर तैनात पड़ाव थाने के दारोगा श्याम सिंह सिकरवार ने चेकिंग करने के लिए आरक्षक भारत सिंह को बुलाया। भारत सिंह साथी पुलिसकर्मी सतेंद्र सिंह तोमर के साथ एफआरवी-15 पर तैनात था। यह लोग बस स्टैंड पुलिस चौकी पहुंच गए। यहां चेकिंग पाइंट लगा और रात में निकलने वाली गाड़ियों की चेकिंग शुरू हो गई।
चेकिंग के दौरान अभद्रता और पीछा करने के बावजूद फरार हुआ आरोपित
तभी बुलट एमपी07 जेडयू 3999 से युवक निकला। उसे जब रोका गया तो वह दारोगा से अभद्रता करने लगा। उसने अपना नाम गौरव दुबे बताकर कहा- वह उसे जानता नहीं है। उसकी चेकिंग कोई नहीं कर सकता, किसी को अधिकार नहीं है। जब आरक्षक भारत सिंह ने टोका तो वह आरक्षक से भी उलझा। फिर गाड़ी मोड़ी और निकल गया। कुछ दूरी पर जाकर लौटा और आरक्षक को थप्पड़ मार दिया। उस समय यहां आम लोग भी थे। कुछ लोग बस के इंतजार में खड़े थे। आरोपित यहां से भागा तो पुलिस पीछे लग गई। करीब तीन किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन उसे पकड़ा नहीं जा सका। आरक्षक की ओर से पड़ाव थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।
रात को बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास चेकिंग पाइंट पर दारोगा और सिपाही से अभद्रता करने वाले बुलट सवार पर एफआइआर दर्ज कर ली है। उसकी तलाश की जा रही है। – शैलेंद्र भार्गव, थाना प्रभारी, पड़ाव
यह भी पढ़ें- ग्वालियर हाईकोर्ट का निर्देश, बिल्डर के लंबित GST भुगतान पर 30 दिन में निर्णय लें अधिकारी; सही हो तो वापस करें राशि
