एनसीआरबी रिपोर्ट में ग्वालियर महिलाओं के खिलाफ घरेलू हिंसा मामलों में सबसे आगे है। दहेज, नशा, विवाहेत्तर संबंध और मोबाइल-रील की लत वैवाहिक विवादों की …और पढ़ें

HighLights
- ग्वालियर में पति-ससुराल द्वारा महिलाओं पर अत्याचार सबसे ज्यादा हैं।
- भोपाल में दहेज हत्या के मामले चार महानगरों में सर्वाधिक रहे।
- मोबाइल, रील और इंटरनेट की लत रिश्तों में विवाद बढ़ा रही।
अमित मिश्रा, नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्यप्रदेश में लाड़ली बहनों के सम्मान और सुरक्षा के बड़े-बड़े दावों के बीच कड़वी सच्चाई सामने आई है। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट बताती है कि ग्वालियर में लाड़ली घर की दहलीज के अंदर सबसे ज्यादा प्रताड़ित है।
यहां महिलाओं को पति और ससुरालीजनों से सबसे ज्यादा प्रताड़ना मिल रही है। यही कारण है कि पति और ससुरालीजनों द्वारा क्रूरता किए जाने के मामले प्रदेश के चारों महानगर (इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर) में सबसे ज्यादा ग्वालियर में ही हैं।
प्रदेश की राजधानी भोपाल में दहेजलोभी सबसे ज्यादा हैं। यहां दहेज के लिए महिलाएं सबसे ज्यादा मारी जा रही हैं। यह आंकड़े चिंताजनक हैं। खास बात यह है कि प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर वाकई संस्कारी है। यहां घर के अंदर महिलाएं सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं। दहेज हत्या के मामले में चारों महानगरों में सबसे कम घटनाएं ग्वालियर में हुई हैं। भोपाल पहले, इंदौर दूसरे और जबलपुर तीसरे नंबर पर है। पढ़िये रिपोर्ट…
मोबाइल और रील की लत अब तोड़ रही रिश्ते
अब मोबाइल और इंटरनेट मीडिया पर रील, वीडियो देखने की लत भी घर तोड़ रही है। दंपती में से किसी एक को भी मोबाइल या रील, वीडियो की लत अब विवाद का कारण भी बनने लगी है।
विवाहेत्तर संबंध भी सबड़ी बड़ी वजह
विवाहेत्तर संबंध भी सबड़ी बड़ी वजह है, जिनके कारण दंपत्ति के बीच विवाद के मामले अब अधिक आने लगे हैं। महिलाएं व पुरुष शादी के बाद नाजायज संबंधों में बने रहते हैं, जिससे घर में विवाद बढ़ रहा है।
सरकारी कर्मचारी और व्यापारी भी दहेजलोभी
आंकड़े बताते हैं कि अब महिलाएं सिर्फ निम्न आय वर्ग नहीं बल्कि मध्यम और उच्च आय वर्ग वाले परिवारों में भी घरेलू हिंसा का शिकार हो रही हैं। ऐसे कई मामले हाल ही में सामने आए हैं। सरकारी कर्मचारी भी दहेज के लालच में महिलाओं को प्रताड़ित करने में पीछे नहीं हैं। पिछले साल ही ऐसे करीब 11 मामले महिला थाना सहित शहर के अन्य थानों में दर्ज हुए। इसके अलावा कुछ व्यापारियों पर भी क्रूरता और दहेज प्रताड़ना के केस दर्ज हुए।
नशे की लत और दहेल का लालच….पिस रही महिलाएं
ग्वालियर में घरेलू हिंसा और पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने के मामले बढ़ रहे हैं। इसमें सबसे बड़ी वजह नशे की लत और दहेज का लालच है। इसके चलते परिवार टूट रहे हैं। महिला थाने से लेकर दूसरे थानों तक शिकायतें पहुंचती हैं। महिला थाना में काउंसलर सिर्फ औपचारिकता करते हैं। शराब के नशे में पति द्वारा पत्नी को पीटे जाने की घटनाएं सबसे जयादा सामने आ रही हैं।
