ग्वालियर में एक कार मालिक ने बीमा क्लेम पाने के लिए अपनी ही कार चोरी करवाई। पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज से पूरा षड्यंत्र उजागर हो गया। …और पढ़ें

HighLights
- कार मालिक ने खुद अपनी गाड़ी चोरी कराने की साजिश रची
- पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज से पूरा मामला उजागर हुआ है
- बीमा क्लेम हासिल करने के लिए कार चोरी का ड्रामा किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में कार चोरी का ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया, जिसने पुलिस को भी हैरत में डाल दिया। शातिर कार मालिक ने अपनी ही गाड़ी चोरी करा दी। वह खुद चोरी की रिपोर्ट करने कोतवाली थाने भी पहुंच गया। बीच बाजार चोरी की वारदात से पुलिस भी चिंता में पड़ गई। पुलिस ने चोरों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इन कैमरों से मिले सबूत के जरिये पुलिस चोरों तक पहुंची, तो कार मालिक हड़बड़ा गया।
चोरों को राउंड अप कर जब पूछताछ की तो उन्होंने सबकुछ उगल दिया। कार मालिक के ही इशारे पर चोरी का षड्यंत्र रचा था। पुलिस ने कार चोरी होने की पुष्टि तो की है, लेकिन इस मामले का राजफाश पुलिस बुधवार को करेगी। पुलिस ने अभी चोरों के पकड़े जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूत्रों के मुताबिक चोरी का राज खुल गया है। यह षड़यंत्र बीमा की रकम हड़पने के लिए रचा गया था। अनिल कुशवाह नाम का शख्स कोतवाली थाने कार चोरी की रिपोर्ट लिखाने पहुंचा था। उसने खुद को सीए बताया और रिपोर्ट की कि वह बालाबाई का बाजार में आया था। यहां से कार चोरी हो गई। भरे बाजार से चोरी होने से पुलिस सकते में आ गई।
चोरों ने बताया कहानी का असली सच
कोतवाली थाना पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में बताया गया। इसके बाद पड़ताल शुरू की गई। कैमरों से रूट खंगाला और पुलिस डबरा तक पहुंच गई। यहां से संदेहियों को राउंड अप किया तो पूरी कहानी खुल गई। सामने आया कि कार मालिक ने खुद ही कार चोरी करवाई थी। पड़ताल के लिए कैमरे खंगाले तो दूसरी ही कहानी सामने आई
बीमा की रकम हड़पने के लिए रचा षड्यंत्र
यह षड्यंत्र बीमा की रकम हड़पने के लिए रचा गया। कार को यह छिपाकर रखते। इसके बाद पुलिस कार नहीं ढूंढ पाती तो रिपोर्ट पेश कर देती। इसके कार बीमा कंपनी से क्लेम मिल जाता।
