ग्वालियर के ग्राम थर में अवैध मुरम परिवहन पकड़ने पहुंची वन टीम से बदमाश भिड़ गए। जब्त ट्रैक्टर छुड़ाने पहुंचे आरोपितों को वन अमले ने बल प्रयोग कर खदेड …और पढ़ें

HighLights
- ग्राम थर में अवैध मुरम परिवहन पर वन विभाग की कार्रवाई।
- वन अमले के सामने ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हुआ।
- जब्त ट्रैक्टर छुड़ाने दो लग्जरी गाड़ियों में बदमाश पहुंचे।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अवैध उत्खनन और परिवहन करने वाले बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं। गुप्तेश्वर पहाड़ी के आगे ग्राम थर में वन भूमि से मुरम खोदकर ला रहे दो ट्रैक्टर ट्राली वन अमले ने पकड़ लिए। दुस्साहस इतना कि वन अमले के सामने ही एक ट्रैक्टर-ट्राली को लेकर चालक भाग गया।
ॉदूसरा जो मुरम लदा ट्रैक्टर व ट्राली जब्त कर वन अमला ला रहा था, उसे छुड़ाने दो लग्जरी गाड़ियों से बदमाश आ गए और वन अमले से टकराने लगे। वन अमले ने लाठी का प्रयोग कर बदमाशों को खदेड़ा। बदमाश गाड़ियों में बैठकर भाग गए। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह बदमाश कौन थे, जो शासकीय कार्य में बाधा डालकर वन हमले से भिड़ने को तैयार होकर आए थे।
अवैध मुरम लदी दो ट्रैक्टर ट्रॉलियां पकड़ी
- वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रविवार की रात का यह घटनाक्रम है। वन विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि ग्राम थर में मुरम व मिट्टी का अवैध उत्खनन हो रहा है और यहां से बड़ी मात्रा में ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिये मुरम सप्लाई की जा रही है। सूचना की तस्दीक करने वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा, तो रास्ते में ही दो ट्रैक्टर-ट्रालियां मिल गईं, जिनमें मुरम लदी हुई थी। वन अमले ने दोनों वाहनों को रोक लिया।
- इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चालक भाग गया और पकड़ में नहीं आया। दूसरे वाहन को जब्त कर वन अमला अपनी सुरक्षा में ला ही रहा था कि दो वाहनों से बदमाश आ गए। एक स्कॉर्पियों एसयूवी थी व दूसरी कार थी। इन वाहनों में से उतरे बदमाशों ने ट्रैक्टर-ट्राली को छोड़ने के लिए दबाव बनाया, तो वन अमले से टकराव हो गया। वन कर्मचारियों को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद वाहनों से आए बदमाश भाग गए।
अवैध उत्खनन के बढ़ रहे मामले
जिले में अवैध उत्खनन के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, इससे पहले सिकरौदा अडुपुरा पर वन भूमि से मुरम खोदे जाने का मामला सामने आ चुका है। अवैध उत्खनन करने वालों के हौंसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे वाहन तक छुड़ाने के लिए पहुंच रहे हैं।
बदमाशों का किया जा रहा पता
ग्राम थर में मुरम के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी, जिसके बाद वन विभाग ने कार्रवाई की। वाहन को रोकने के लिए जो लोग आए थे उनका पता किया जा रहा है। पता चलते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुकेश पटेल, डीएफओ
ग्राम थर में बदमाश जब्त वाहन छुड़ाने आए थे और काफी मशक्कत के बाद उन्हें भगाया गया। जांच कर रहे हैं कि यह कौन लोग थे। सुखदेव शर्मा, एसडीओ, वन विभाग
