नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। एक ओर पारा 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच रहा है, वहीं दूसरी ओर मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी रखरखाव के नाम पर आमजन की मुश्किलें बढ़ा रही है। शहर के चारों संभागों पूर्व, उत्तर, दक्षिण और केंद्रीय के दर्जनों फीडरों पर घंटों बिजली सप्लाई बाधित रखने का शेड्यूल रोजाना जारी किया जा रहा है।

गुरुवार को सबसे बुरा हाल सिटी सेंटर और यूनिवर्सिटी क्षेत्र का होगा, जहां सुबह की शुरुआत ही पसीने से तरबतर होकर होगी। नगर संभाग पूर्व में रखरखाव का सबसे ज्यादा असर दिखने वाला है। सुबह छह से 10 बजे तक जब लोग दैनिक कार्यों के लिए पानी और बिजली पर निर्भर होते हैं, तब हाई कोर्ट, यूनिवर्सिटी, सिटी सेंटर और मोहनपुर जैसे बड़े क्षेत्रों की बत्ती गुल रहेगी।

इससे सचिन तेंदुलकर मार्ग, सौगात अपार्टमेंट, मिलेनियम प्लाजा, गोविंदपुरी, चाणक्यपुरी, कृष्णा विहार, महलगांव और आसपास के करीब 40 से अधिक मोहल्लों में चार घंटे तक बिजली नहीं रहेगी।

शास्त्री नगर में 6 घंटे की “सजा”

बिजली कंपनी की योजना का असर शास्त्री नगर फीडर पर भी दिखेगा। यहां सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक, यानी कुल 6 घंटे का लंबा कट रहेगा। दोपहर की चिलचिलाती धूप शुरू होने तक शास्त्री नगर, बलवंत नगर और एजी कालोनी के लोग बिना पंखे और कूलर के रहने को मजबूर होंगे।

इन इलाकों में भी रहेगा संकट

संभाग उत्तर में रामनगर फीडर पर सुबह आठ से 12 बजे तक बिजली गुल रहेगी इससे रानीपुरा, इंद्रानगर, चार शहर का नाका क्षेत्र प्रभावित रहेंगे। नगर संभाग केंद्रीय के कृष्ण मंदिर फीडर से जुड़े आदर्श कालोनी और गेंडेवाली सड़क क्षेत्रों में भी काम के चलते आपूर्ति बाधित रहेगी। नगर संभाग दक्षिण के गुड़ा और वैष्णो विहार क्षेत्रों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक का शटडाउन रहेगा। इससे 14 बटालियन, पीपरी खो और आसपास की कालोनियों में बिजली संकट रहेगा।

पेयजल आपूर्ति 
पर पड़ेगा प्रभाव

जनता में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि जब तापमान 40 डिग्री के पार जा रहा है, तब कंपनी को सुधार कार्य की याद आ रही है। सुबह छह बजे से शुरू होने वाली इस कटौती के कारण न केवल पेयजल आपूर्ति प्रभावित होगी, बल्कि बीमार बुजुर्गों के लिए यह समय किसी टार्चर से कम नहीं होगा।

जरा सी आंधी में कर देते हैं घंटों बिजली गुल

माडल टाउन निवासी विनोद शर्मा का कहना है कि बिजली कंपनी हर साल मेंटेनेंस के नाम पर घंटों कटौती करती है, लेकिन जरा-सी आंधी आते ही घंटों बिजली गुल हो जाती है। ऐसे में इस मेंटेनेंस की सार्थकता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

गर्मी के चलते बदला शटडाउन का समय

गर्मी के चलते रखरखाव कार्य के लिए शटडाउन का समय बदला गया है। ज्यादातर सुबह के समय ही कार्य किए जा रहे हैं। इससे दोपहर में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। गगनदेव कुमार, उपमहाप्रबंधक नगर संभाग केंद्रीय



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *