ग्वालियर के उटीला क्षेत्र में बैंक टेंडर विवाद के चलते युवक ने चचेरे भाई की निर्माणाधीन बिल्डिंग पर बुलडोजर चला दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को …और पढ़ें

HighLights
- विवाद में निर्माणाधीन बिल्डिंग पर बुलडोजर चलाया गया।
- चचेरे भाई ने गुस्से में पिलर और दीवारें तोड़ीं।
- सेंट्रल बैंक के लिए बनाई जा रही थी नई बिल्डिंग।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। उटीला क्षेत्र में कंस्ट्रक्शन कारोबारी की निर्माणाधीन बिल्डिंग पर चचेरे भाई ने ही बुलडोजर चला डाला। कारोबारी अपनी जमीन पर बिल्डिंग बनवा रहा था। इस बिल्डिंग को 20 साल के लिए बैंक ने किराये पर ले लिया था। बैंक का टेंडर मिलने से नाराज चचेरे भाई ने बिल्डिंग पर बुलडोजर चला डाला। पिलर, दीवार और टीनशेड ढहा दिए। इस तरह का यह पहला मामला है। पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।
मूल रूप से उटीला के रहने वाले महेश दत्त पाठक कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। उन्होंने मुरार में घर बना लिया है। गांव में उनका घर है और जमीन भी है। उटीला स्थित जमीन पर बैंक के लिए बिल्डिंग बनवा रहे हैं। बिल्डिंग 20 साल के लिए सेंट्रल बैंक आफ इंडिया द्वारा किराये पर ले ली गई है। सेंट्रल बैंक की बिल्डिंग पहले महेश दत्त पाठक के चचेरे भाई प्रभाकर पाठक की बिल्डिंग में थी। अब टेंडर महेश दत्त पाठक को मिलने से वह नाराज था।
बुधवार को मजदूर काम कर यहां से गए, तो प्रभाकर बुलडोजर लेकर पहुंच गया। उसने निर्माणाधीन बिल्डिंग पर बुलडोजर चला डाली। पिलर, दीवार गिरी तो आसपास के लोग आ गए। इसके बाद प्रभाकर यहां से भाग गया। महेश दत्त पाठक ने उटीला थाने पहुंचकर एफआइआर दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने प्रभाकर पाठक को करीब दो घंटे बाद गिरफ्तार भी कर लिया। जिन धाराओं में एफआइआर हुई थी, वह थाने से ही नोटिस पर छोड़ने वाली थी। इसके चलते समझाइश देकर छोड़ भी दिया गया।
बैंक का टेंडर मिलने से नाराज युवक ने निर्माणाधीन बिल्डिंग पर बुलडोजर चला दिया था। इस मामले में एफआइआर दर्ज कर ली है। नरेंद्र सिसौदिया, थाना प्रभारी, उटीला
