महाकालेश्वर में होने वाली बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती में आज फिल्म अभिनेता मिलिंद सोमन और क्रिकेटर नितीश राणा सहित महिला क्रिकेटर यास्तिका भाटिया पहुंचे। तीनों ने श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के निराकार से साकार स्वरूप के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।
पत्नी के कहने पर पहुंचे मिलिंद सोमन
फिल्म अभिनेता मिलिंद सोमन ने प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान वे भक्ति में लीन नजर आए। दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि यहां आकर बेहद खुशी महसूस हुई। उन्होंने बताया कि लंबे समय से यहां आने की इच्छा थी, लेकिन कहते हैं कि जब तक बुलावा नहीं आता, तब तक आना संभव नहीं होता। उन्होंने बताया कि अपनी पत्नी के कहने पर वे यहां आए और यहां का अनुभव बेहद खास रहा।
आईपीएल के बीच महाकाल की शरण में नितीश राणा
आईपीएल के व्यस्त शेड्यूल के बीच नितीश राणा भी बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे। उन्होंने भस्म आरती में भाग लिया और नंदी हॉल में बैठकर भगवान शिव की आराधना की। इस दौरान उन्होंने देश की समृद्धि और अपनी टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की। मंदिर समिति द्वारा उनका सम्मान भी किया गया।
यास्तिका भाटिया ने भी किए दर्शन
महिला क्रिकेटर यास्तिका भाटिया ने भी ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर की प्रातःकालीन भस्म आरती में दर्शन किए। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एस.एन. सोनी ने उनका स्वागत और सत्कार किया।
