वैशाख कृष्ण पक्ष की द्वादशी तिथि पर मंगलवार सुबह विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्त देर रात से ही कतार में लगकर अपने इष्ट देव बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे। तड़के सुबह चार बजे बाबा महाकाल का जागरण हुआ, जिसके बाद उनका अलौकिक श्रृंगार कर भस्म अर्पित की गई। इस दौरान मंदिर परिसर ‘जय श्री महाकाल’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा के अनुसार, वैसाख कृष्ण पक्ष की द्वादशी पर प्रातः 4 बजे भस्म आरती संपन्न हुई। वीरभद्र जी से आज्ञा लेने के बाद मंदिर के पट खोले गए और पंडे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी देव प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।
इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर, पंचामृत और फलों के रस से किया गया। पूजन के दौरान प्रथम घंटा बजाकर ‘हरि ओम’ का जल अर्पित किया गया। पुजारियों और पुरोहितों ने भगवान का भव्य श्रृंगार कर कपूर आरती की और उन्हें नवीन मुकुट धारण कराया। इसके पश्चात महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई। झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के साथ भव्य भस्म आरती संपन्न हुई।
आज के श्रृंगार की विशेषता यह रही कि बाबा महाकाल का भांग से विशेष श्रृंगार किया गया। उनके मस्तक पर त्रिपुंड और त्रिशूल अंकित कर भस्म अर्पित की गई। इस दिव्य स्वरूप के दर्शन कर हजारों भक्तों ने आशीर्वाद प्राप्त किया और ‘जय श्री महाकाल’ के जयघोष किए। धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पित होने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
यह है आरती का समय
– भस्म आरती सुबह 4 से 6 बजे तक
– दद्योदक आरती प्रात: 7 से 7:45 बजे तक
– भोग आरती प्रात: 10 से 10:45 बजे तक
– संध्या पूजन सायं 5 से 5:45 बजे तक
– संध्या आरती सायं 7:00 से 7:45 बजे
– शयन आरती रात्रि 10:30 से 11:00 बजे तक
महाकालेश्वर मंदिर मे आरतियों के समय में हुआ यह बदलाव आश्विन मास की पूर्णिमा (शरद पूर्णिमा) तक जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- Labour Protest: अब एमपी में फूटा श्रमिकों का गुस्सा, महू-नीमच हाईवे कर दिया जाम; वेतन बढ़ाने की मांग पर अड़े
मंदिर के आंतरिक एवं बाहरी परिसर का निरीक्षण
श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने महाकालेश्वर मंदिर परिसर के आंतरिक एवं बाहरी परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन पथ पर गर्मी से बचाव हेतु ठंडी पेयजल व्यवस्था, मेटिंग, छाया, स्वच्छता की व्यवस्थाओं एवं प्रचलित निर्माण कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
