रविवार को शिवपुरी में विकास कार्यों की करोड़ों की सौगात देने पहुंचे केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंच से जब अपनी जेब से प्याज निकालकर दिखाया, तो पूरा माहौल ठहाकों और तालियों से गूंज उठा। गर्मी से बचाव का यह देसी नुस्खा साझा करते हुए उन्होंने कहा कि आज के दौर में लोग मोबाइल फोन लेकर घूमते हैं, लेकिन संचार मंत्री प्याज साथ रखता है।
जनसभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने बताया कि भीषण गर्मी में शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए वे किसी आधुनिक उपाय पर निर्भर नहीं रहते। उन्होंने कहा कि मैं अपनी कार में एसी नहीं चलाता, बस जेब में एक प्याज रख लेता हूं। यह पारंपरिक तरीका लू से बचाने में मदद करता है।” इतना कहते ही उन्होंने कुर्ते की जेब से प्याज निकालकर लोगों को दिखाया और मुस्कुराते हुए बोले, “जेब में प्याज रखो, 50 डिग्री की गर्मी में भी राहत मिलेगी।”
उनकी बात खत्म होते ही मंच के सामने बैठे एक बुजुर्ग ने भी मुस्कुराते हुए अपनी जेब से प्याज निकालकर लहरा दी। यह दृश्य देखकर पूरी सभा में आत्मीयता का माहौल बन गया। मंत्री और जनता के बीच यह सहज जुड़ाव लोगों को भावुक कर गया।
सिंधिया ने आगे कहा कि हमारे बुजुर्ग पीढ़ियों से गर्मी में प्याज को जेब में रखने, खाने और सिर पर बांधने जैसे उपाय अपनाते आए हैं। उनके अनुसार, प्याज शरीर को ठंडक देने में सहायक होता है और लू से बचाव में मदद करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि आधुनिक साधनों के साथ-साथ पारंपरिक ज्ञान को भी अपनाएं।
पढ़ें: मुरैना में अनोखी शादी: 42 वर्षीय महिला ने ठाकुर जी से रचाया विवाह, भाई ने किया बहन का कन्यादान
अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि आजकल हर कोई फोन लेकर घूम रहा है, लेकिन मैं संचार मंत्री होकर भी प्याज लेकर चलता हूं। इस पर सभा में फिर ठहाके गूंज उठे। उन्होंने कहा कि विकास के साथ लोगों का स्वास्थ्य भी उनकी प्राथमिकता है, और गर्मी के मौसम में पानी, छाछ, बेल शरबत और प्याज जैसे देसी उपाय बेहद कारगर होते हैं।
सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि नेताओं की बड़ी-बड़ी बातों के बीच सिंधिया का यह सहज अंदाज अलग नजर आया। कई ग्रामीणों ने कहा कि अब वे भी खेतों में जाते समय जेब में प्याज रखेंगे। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार प्याज में मौजूद तत्व शरीर को ठंडक देने में मदद कर सकते हैं।
रविवार को सिंधिया ने क्षेत्र को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात दी, लेकिन चर्चा का केंद्र उनका यह देसी हेल्थ टिप बन गया। मंच से उतरते समय भी लोग इसी नुस्खे पर चर्चा करते नजर आए। भीषण गर्मी के बीच उनका यह अंदाज शिवपुरी से लेकर भोपाल तक चर्चा में है।
