जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र में टोंगरा रोड पेट्रोल पंप के पास मुर्गी दाना से भरा ट्रक सड़क किनारे खड़े ऑटो पर पलट गया। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत चार लोगों की दबने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक कल ही राजगढ़ गांव निवासी वीरेंद्र शाक्य की शादी राजेश्वरी शाक्य से हुई थी।
शनिवार को विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन, दूल्हे की मां अन्वेश शाक्य, भाभी राजो शाक्य और बहन भूरिया शाक्य ड्राइवर के साथ ऑटो से राजगढ़ गांव के लिए रवाना हुए थे।
रिक्शा ड्राइवर ने टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास वाहन खड़ा किया था। इस दौरान ड्राइवर और दूल्हे की बहन पास की दुकान पर गए, तभी मुर्गी दाना से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो पर पलट गया और ऑटो में बैठे दूल्हा-दुल्हन समेत दूल्हे की मां और भाभी ट्रक के नीचे दब गए।
ये भी पढ़ें: Guna News: चंगाई सभा में धर्मांतरण के खेल पर कसा पुलिस का शिकंजा, एफआईआर दर्ज, पास्टर समेत सहयोगी फरार
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से ऑटो में दबे लोगों को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि आज दूल्हे की बहन भूरिया शाक्य की लगन राजगढ़ गांव में होनी तय थी और परिवार ने इसके लिए सभी तैयारियां भी पूरी कर ली थीं। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
