भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने शनिवार को मध्यप्रदेश विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नामांकन से पहले दोनों प्रत्याशियों ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया।

भाजपा राष्ट्र और समाज की सेवा के उद्देश्य से राजनीति करती है

नामांकन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा ने ऐसे कार्यकर्ताओं को राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है, जिन्होंने लंबे समय तक संगठन और समाज के लिए समर्पित भाव से काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों प्रत्याशी राज्यसभा में मध्यप्रदेश के हितों की प्रभावी पैरवी करेंगे और गरीब, किसान, युवा तथा महिलाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है और इसकी सबसे बड़ी ताकत इसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज की सेवा के उद्देश्य से राजनीति करती है। राज्यसभा के लिए चुने गए दोनों प्रत्याशी संगठन की कार्यशैली और विचारधारा को उच्च सदन तक पहुंचाने का काम करेंगे।

भाजपा में जमीनी कार्यकर्ताओं का सम्मान और अवसर मिलता है

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर यह साबित किया है कि भाजपा में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल दोनों लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं और उनके अनुभव का लाभ मध्यप्रदेश को मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यसभा में प्रदेश का नया नेतृत्व प्रदेश के विकास और प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

पढ़ें:  गैस एजेंसी के मालिक हैं भाजपा उम्मीदवार रजनीश, कोई अपराधिक रिकॉर्ड नहीं; जानें संपत्ति

पार्टी में समर्पण और निष्ठा को महत्व मिलता है 

राज्यसभा प्रत्याशी तरुण चुघ ने कहा कि मध्यप्रदेश से उनका पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने इसे अपने लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों बताया। चुघ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की शक्ति से संचालित होने वाला संगठन है, जहां समर्पण और निष्ठा को सर्वोच्च महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में वे राष्ट्रहित, जनसेवा और संगठन के मूल्यों के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

सामान्य कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी मिली 

वहीं राज्यसभा प्रत्याशी रजनीश अग्रवाल ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारियां मिलती हैं। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह अवसर दिया है, वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। अग्रवाल ने कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। नामांकन कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने इसे संगठन आधारित राजनीति की मिसाल बताते हुए कहा कि पार्टी में कार्यकर्ताओं के समर्पण और क्षमता का सम्मान किया जाता है।  बता दें राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन के साथ ही दोनों प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। राज्यसभा के लिए 8 तारीख को नामांकन की अंतिम तारीख है। इसके बाद 18 तारीख को आवश्यक होने पर मतदान होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *