राजधानी भोपाल के श्यामला हिल्स क्षेत्र में टीबी रोग के सीनियर डॉक्टर मनोज वर्मा से 11 तोला सोने का कड़ा लूटने की सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले की मास्टरमाइंड आलिया खान का आपराधिक इतिहास अब धीरे-धीरे सामने आ रहा है, जिसने पूरे घटनाक्रम को और भी चौंकाने वाला बना दिया है।

पहले भी कर चुकी है करोड़ों की चोरी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आलिया खान कोई पहली बार अपराध में शामिल नहीं हुई थी। करीब तीन साल पहले उसने अपनी ही सगी बहन के घर एक बड़ी चोरी को अंजाम दिलवाया था। वर्ष 2023 में हबीबगंज थाना क्षेत्र की अरेरा कॉलोनी में रहने वाली उसकी बहन के घर से लगभग एक करोड़ रुपये के सोने-हीरे के जेवरात चोरी कराए गए थे। इस वारदात को अंजाम देने से पहले वह खुद अपनी बहन को एयरपोर्ट छोड़ने गई थी, ताकि घर खाली रहे। इसके बाद अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसने घर का ताला तोड़कर लॉकर साफ कर दिया था। इस मामले में उसे वर्ष 2024 में सुप्रीम कोर्ट से जमानत भी मिल चुकी है।

दोस्ती कर रची लूट की साजिश

श्यामला हिल्स पुलिस के अनुसार, डॉ. मनोज वर्मा 10 अप्रैल को साइकिल से टहलने निकले थे, तभी सुबह करीब 10 बजे हमलावरों ने पहले उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका और फिर 11 तोला सोने का कड़ा छीनकर फरार हो गए। वारदात का तरीका इतना सुनियोजित था कि पुलिस को शुरुआत से ही इसके पीछे किसी संगठित गिरोह की आशंका थी। क्राइम ब्रांच और जोन-3 के विभिन्न थानों की टीमों को मिलाकर 10 विशेष टीमों ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें एक संदिग्ध कार दिखाई दी। इसी सुराग ने जांच को आलिया खान तक पहुंचाया। जांच में पता चला कि वह डॉक्टर के साथ बोट क्लब स्थित जीवन वाटिका में योगा करने जाती थी और उनकी दिनचर्या से भली-भांति परिचित थी।

एनजीओ संचालिका सहित चार आरोपी गिरफ्तार

11 तोला सोने की लूट की मास्टरमाइंड आलिया खान, अरशान, अदनान खान और मोहम्मद मुदस्सिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आलिया खान एनजीओ संचालित करती है। लूट के समय अरशान बाइक चला रहा था, अदनान ने मिर्च पाउडर फेंका और मुदस्सिर ने कड़ा छीना। इस साजिश में आलिया खान का सगा भाई भी शामिल बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है।

चौंकाने वाली बात यह भी है कि आलिया खान खुद को एक एनजीओ की पदाधिकारी बताकर आरोपियों को कानूनी मदद और जमानत दिलाने का झांसा देती थी, जिससे उन्हें अपराध के लिए उकसाया जाता था। अब पुलिस उस एनजीओ की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के अनुसार, इस पहलू की गहराई से जांच की जा रही है, हालांकि संबंधित संस्था ने आलिया को पहले ही निष्कासित करने की जानकारी दी है।



ये भी पढ़ें: ‘मुल्ला बाबा’ का मायाजाल टूटा, सोना तिगुना करने लालच देकर 10 लाख ठगे, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

एनजीओ की भूमिका पर उठ रहे सवाल, पहले से दर्ज हैं कई मामले

आलिया खान के आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के चलते भोपाल पुलिस ने उसकी एनजीओ की भूमिका और कार्यों की भी जांच शुरू कर दी है। हालांकि आलिया ने पुलिस को बताया है कि उसने एनजीओ बेच दिया है। उसके खिलाफ चोरी के तीन मामले हनुमानगंज थाने में पहले से दर्ज हैं। वारदात की योजना में शामिल अदनान खान के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमले समेत करीब 17 मुकदमे शाहजहांनाबाद थाने में दर्ज हैं।



 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *