स्वतंत्रता संग्राम के भूले-बिसरे नायकों और जनजातीय वीरों को सम्मान देने के उद्देश्य से राजधानी भोपाल में 28 अप्रैल को बड़े स्तर पर शौर्य यात्रा आयोजित की जाएगी। यह आयोजन क्रांतिवीर हिरदेशाह लोधी के बलिदान दिवस पर जंबूरी मैदान में होगा, जिसमें प्रदेशभर से लोग शामिल होने की संभावना है। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय लोधी, लोधा, लोध क्षत्रिय महासभा मध्यप्रदेश, नर्मदा टाइगर हिरदेशाह शोध संस्था और गोंड महासभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल इसकी अध्यक्षता करेंगे।
ये भी पढ़ें- MP News: विकास प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्तियां, कई नाम लगभग तय; जल्द हो सकती है घोषणा
जनजातीय वीरों की याद में निकलेंगी शौर्य यात्रा
इस आयोजन की जानकारी देते हुए पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल और पूर्व विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी ने बताया कि शौर्य यात्रा उन क्रांतिकारी राजाओं, जनजातीय वीरों और योद्धाओं को याद करने का प्रयास है, जिनके संघर्ष ने आजादी की लड़ाई की नींव रखी, लेकिन इतिहास में उन्हें अपेक्षित स्थान नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति से पहले ही वर्ष 1842 में कई स्थानीय राजाओं और आदिवासी नेतृत्व ने अंग्रेजों के खिलाफ हथियार उठा लिए थे। इस आंदोलन का नेतृत्व हिरापुर के राजा हिरदेशाह लोधी ने किया था। उनके साथ कई बुंदेला और गोंड शासक भी इस संघर्ष में शामिल हुए थे।
ये भी पढ़ें- MP: सीएम यादव का बड़ा प्रशासनिक संदेश, युवा IAS अफसरों को आदिवासी और चुनौतीपूर्ण जिलों में दी पहली जिम्मेदारी
गोंड राजा डेलन शा, नरवर शाह को याद किया जाएगा
बताया गया कि अंग्रेजों की कठोर नीतियों और किसानों पर बढ़ते करों के विरोध में यह आंदोलन शुरू हुआ था। उस समय जमीन संबंधी कानूनों ने किसानों, जमींदारों और स्थानीय राजाओं की स्थिति कमजोर कर दी थी, जिसके विरोध में व्यापक विद्रोह खड़ा हुआ। हिरदेशाह लोधी की गिरफ्तारी के लिए अंग्रेजों ने बड़ा इनाम घोषित किया था। बाद में उन्हें धोखे से गिरफ्तार कराया गया और लंबे समय तक जेल में रखा गया। 28 अप्रैल 1858 को वे शहीद हो गए। कार्यक्रम में गोंड राजा डेलन शाह, नरवर शाह, मधुकर शाह बुंदेला, गजराज सिंह समेत कई अन्य वीरों के योगदान को भी याद किया जाएगा, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया और बलिदान दिया।
ये भी पढ़ें- MP News: किसानों को CM की सौगात, लाइव आकर किए बड़े ऐलान, 9 मई तक बढ़ी स्लॉट बुकिंग, अब 6 दिन होगी गेहूं खरीद
पूर्व सीएम उमा भारती भी शामिल होगी
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, कई मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रदेश के अलग-अलग जिलों के अलावा अन्य राज्यों से भी समाज के लोग भोपाल पहुंचेंगे। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को इतिहास के उन अध्यायों से परिचित कराने का प्रयास है, जिन्हें लंबे समय तक नजरअंदाज किया गया।
