मप्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार को सतना के अल्प प्रवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश में कुपोषण, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर तीखे बयान दिए।
40 रुपये में कुपोषण मिटाने की कोशिश
सतना जिले में चार माह के मासूम की मौत के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में कुपोषण की स्थिति बेहद गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक कुपोषित बच्चे के लिए केवल 40 रुपये की सहायता देती है और उसमें भी भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश देश में सबसे अधिक कुपोषित बच्चों वाला राज्य बन गया है और अकेले सतना जिले में 8 हजार से ज्यादा बच्चे कुपोषण का शिकार है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से सत्ता में बैठी सरकार जनता की बजाय “अपना पेट भरने” में व्यस्त रही है और महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए उसके पास कोई ठोस व्यवस्था नहीं है।
पीएम मोदी पर भी साधा निशाना
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथित बयान, जिसमें सोना न खरीदने और पेट्रोल-डीजल की बचत करने की बात कही जा रही है, उस पर भी जीतू पटवारी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने वीडियो नहीं देखा है, लेकिन अगर प्रधानमंत्री ने ऐसा कहा है तो यह देश की मौजूदा आर्थिक और सामाजिक स्थिति को दर्शाता है। पटवारी ने आरोप लगाया कि देश में प्रेस की स्वतंत्रता खत्म हो रही है, बेरोजगारी चरम पर है और आर्थिक भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी “देश के सबसे कमजोर प्रधानमंत्री” साबित हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें- सीधी में सनसनी: लाल पोटली में मिला मासूम का नरकंकाल, गांव में हड़कंप; तंत्र-मंत्र की आशंका से सहमे ग्रामीण
“भारत का शासन ट्रंप चला रहा”
अपने बयान में जीतू पटवारी ने अमेरिका और भारत की विदेश नीति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि भारत की नीतियों पर अमेरिकी प्रभाव बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक “लगाम” अमेरिकी नेतृत्व के हाथ में है। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर”, अमेरिका-ईरान तनाव और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक फैसलों में भारत को नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह के निर्देशों पर सरकार चल रही है और हर काम “पर्ची व्यवस्था” से संचालित हो रहा है।
“विज्ञापन और भाषण की सरकार”
जीतू पटवारी ने कहा कि वर्तमान सरकार केवल भाषण और विज्ञापन के सहारे चल रही है, लेकिन अब उसकी “जादूगरी” जनता के सामने बेनकाब हो रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब वास्तविक मुद्दों को समझने लगी है और आने वाले समय में सरकार को जवाब देना होगा।

सतना पहुंचे जीतू पटवारी
