इंदौर शहर में नए साल का स्वागत बेहद उत्साह और आस्था के साथ किया गया। कल रात जश्न मनाने के बाद, आज सुबह होते ही शहर के सभी प्रमुख मंदिर, शिवालय और आराधना स्थल शंख ध्वनि और घंटों की गूंज से सराबोर हो गए। नए साल की शुरुआत ईश्वर के आशीर्वाद के साथ करने के लिए लाखों की संख्या में भक्त सड़कों पर निकल पड़े। खजराना गणेश, रणजीत हनुमान और बिजासन माता मंदिर जैसे प्रमुख आस्था केंद्रों पर सुबह से ही भक्तों का सैलाब देखा गया।




Trending Videos

Indore News Devotees flock to Khajrana Ganesh and Ranjit Hanuman Temple on New Year 2026

खजराना मंदिर में भीड़
– फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर


खजराना गणेश मंदिर में पांच लाख भक्तों के पहुंचने का अनुमान

विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में अलसुबह भगवान का विशेष अभिषेक और अनुष्ठान किया गया। मुख्य पुजारी पंडित अशोक भट्ट के अनुसार, भगवान को नवीन वस्त्र धारण कराए गए और भक्तों के लिए पट सुबह 4 बजे ही खोल दिए गए थे। सुबह 11 बजे तक ही लगभग दो लाख लोग दर्शन कर चुके थे और रात तक यह संख्या पांच लाख के पार जाने की उम्मीद है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की है ताकि यातायात और दर्शन सुचारू रूप से चलते रहें।

अन्य देवालयों और ज्योतिर्लिंगों की ओर रुख

रणजीत हनुमान मंदिर में भक्तों ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। वहीं बिजासन माता मंदिर में नवरात्रि जैसा माहौल नजर आया। शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों जैसे बड़ा गणपति, अन्नपूर्णा मंदिर और विद्याधाम में भी लंबी कतारें लगी रहीं। कई श्रद्धालु परिवार सहित उज्जैन के महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए भी रवाना हुए। भीड़ को संभालने में पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

गुरुद्वारों में सुख-समृद्धि की अरदास

भक्ति का यह नजारा केवल मंदिरों तक सीमित नहीं रहा। इंदौर के प्रमुख गुरुद्वारों जैसे इमली साहिब और तोपखाना गुरुद्वारा में भी श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। यहाँ विशेष शबद कीर्तन और अरदास का आयोजन किया गया, जिसमें समस्त मानवता के कल्याण और सुख-शांति की कामना की गई। सभी धर्मों के लोगों ने अपने-अपने तरीके से नए साल की मंगलमय शुरुआत की।




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed