इंदौर की सड़कों पर बीआरटीएस तोड़ने के बाद नई दीवार बनाने का काम चल रहा है। देवास नाका से लेकर भंवरकुआं तक यह काम चल रहा है। इस काम के दौरान निकलने वाला मलबा, गिट्टी, सरिया और बैरिकेड्स सड़क पर जगह जगह पड़े रहते हैं। इनकी वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं लेकिन जिम्मेदारों का इस ओर ध्यान ही नहीं है। रात के समय तो हालात और भी अधिक खतरनाक हो जाते हैं क्योंकि वाहन चालकों को सड़क के बीच पड़ा यह सामान नजर ही नहीं आता है। 

एक महीने से सड़कों पर पड़ा है सामान

विजय नगर से देवास नाका के बीच में कई जगह सड़कों पर बीआरटीएस के निर्माण कार्य का सामान पड़ा हुआ है। स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों का कहना है कि एक महीने से यही हालात हैं। रात के समय में तो कई बार हादसे हो चुके हैं लेकिन जिम्मेदारों का इस पर कोई ध्यान ही नहीं है। रात में वाहन चालक तेज गति से आते हैं और कई बार उन्हें अंधेरे की वजह से बीच रास्ते में पड़ा हुआ मलबा और सामान नजर नहीं आता है। इस स्थिति में वह सीधे हादसे का शिकार हो जाते हैं। 

बारिश में बढ़ेगी परेशानी

विजय नगर से देवास नाका के क्षेत्र में बारिश के समय अधिक परेशानी बढ़ जाएगी। यहां पर देवास नाका फ्लाय ओवर का काम भी चल रहा है। इस वजह से क्षेत्र में जगह जगह वाहन चालकों को परेशानी आ रही है। सर्विस रोड पर भी वाहनों को निकलने के लिए बहुत कम जगह है। इसके ऊपर यहां पर ट्रैफिक का दबाव भी बहुत अधिक रहता है और वाहनों की गति भी अधिक रहती है। 

ट्रैफिक पुलिसकर्मी हमेशा नदारद

इस पूरे क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिसकर्मी हमेशा ही नदारद रहते हैं। यहां पर ट्रैफिक जाम बहुत होता है और हादसे भी होते रहते हैं लेकिन इसके बावजूद पुलिसकर्मी यहां पर रहने के बजाय आगे विजय नगर चौराहे पर रहते हैं जहां पर व्यवस्थाएं सामान्य रहती हैं। इसके साथ ट्रैफिक पुलिस का पूरा ध्यान चालान की कार्रवाई पर रहता है वहीं आसपास के चौराहों पर वाहन चालक ट्रैफिक जाम से उलझते रहते हैं। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *