शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के गुड़ा रोड पर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में नीम के पेड़ पर युवक और नाबालिग युवती के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय जितेंद्र धाकड़ और 16 साल की किशोरी के रूप में हुई है, जिनके बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।
खास बात यह है कि युवती से जुड़े पॉक्सो मामले में आरोपी युवक हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है और आत्महत्या या अन्य किसी एंगल से मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- ऑनलाइन गेम में लाखों हार चुके पिता ने परिवार को पिलाया जहर, बेटी की मौत के साथ दम तोड़ा
जानकारी के मुताबिक अक्टूबर 2025 में जितेंद्र, नाबालिग को अपने साथ ले गया था। इस पर युवती के परिजनों की शिकायत पर बदरवास थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने 8 नवंबर को जितेंद्र को गिरफ्तार कर नाबालिग को बरामद किया था। नाबालिग के बयान के आधार पर आरोपी पर पॉक्सो एक्ट सहित दुष्कर्म की धाराएं जोड़ी गई थीं और उसे जेल भेजा गया था। बाद में आरोपी 11 फरवरी को जमानत पर रिहा हुआ।
बताया जा रहा है कि 24 फरवरी को दोनों अपने-अपने घरों से फिर लापता हो गए थे। उनके शव गुड़ा रोड स्थित खेत में मिले। घटनास्थल के पास ही युवती के नाना-नानी का गांव बताया गया है। युवती के गले में मंगलसूत्र भी मिला है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम कराया गया है और पीएम रिपोर्ट व परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
