भोपाल शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए क्राइम ब्रांच भोपाल ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद संबंधित थानों को सुपुर्द कर दिया गया।

क्राइम ब्रांच द्वारा लगातार ऐसे आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा रही है, जिनके खिलाफ पूर्व में जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद कई आरोपी प्रतिबंध अवधि के दौरान भोपाल जिले की सीमा में प्रवेश कर गतिविधियां संचालित कर रहे थे।

सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान थाना स्टेशन बजरिया, एमपी नगर, कोहेफिजा, श्यामला हिल्स, शाहपुरा और हबीबगंज क्षेत्रों में विशेष सर्चिंग अभियान चलाया गया। कई आरोपी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहे थे और पुलिस कार्रवाई से बचने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन क्राइम ब्रांच की सतर्क निगरानी और सक्रिय मुखबिर तंत्र के चलते उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

ये भी पढ़ें- Bhopal: नेपाल से भोपाल आई मेडिकल इमरजेंसी फ्लाइट, एयरपोर्ट पर बना इमरजेंसी ग्रीन कॉरिडोर, अस्पताल पहुंचा मरीज

आदेश का उल्लंघन गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है


पुलिस के अनुसार, जिला बदर आदेश ऐसे अपराधियों के विरुद्ध जारी किया जाता है, जिनकी गतिविधियां क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए खतरा बनती हैं। आदेश का उल्लंघन गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार


क्राइम ब्रांच ने मनोज उर्फ टुक्की निवासी विजय नगर, इरफान उर्फ तोता निवासी अर्जुन नगर, दानिश खान निवासी हमीदिया अस्पताल कैंपस, शनि उर्फ अंकिता निवासी प्रताप नगर, शाहरुख खान उर्फ अक्कू, सुमित करोसिया निवासी ज्योतिबा फुले नगर, राजू उर्फ बसंत निवासी सौरभ कॉलोनी, बिलाल निवासी अर्जुन नगर और आशीष खेरदे उर्फ आशीष बलाई निवासी इंद्रा नगर मल्टी को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच के एडीसीपी शैलेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले आरोपियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह विशेष अभियान जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *