राजधानी के अयोध्या नगर में रहने वाले एक व्यसायी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव बिजनेस पार्क स्थित दुकान के अंदर फंदे पर लटका मिला। मृतक के पास एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने ऑनलाइन गेम में लाखों रुपये हारने के बाद यह कदम उठाने की बात लिखी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराने के बाद लाश परिजन को सौंप दी है। सुसाइड नोट जब्त कर मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- प्रेस कॉम्प्लेक्स की एक बिल्डिंग में क्राइम ब्रांच ने मारा छापा, 11 जुआरी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार शिवान गुप्ता (32) अयोध्या नगर थाने के पीछे शारदा नगर में रहते थे। वह अपने रिश्ते के भाई आदर्श के साथ मिलकर राज बिजनेस पार्क में गुप्ता इंटरप्राइजेस के नाम से दुकान चलाते थे। बुधवार को शिवान काम पर जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। गुरुवार सुबह इलाके के सिक्योरिटी गार्ड ने दुकान की शटर खुली देखी तो मौके पर पहुंचकर शिवान को भीतर फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे आदर्श ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराने के बाद लाश परिजन को सौंप दी। तलाशी लेने पर मृतक के पास एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें ऑनलाइन गेम में 30 से 35 लाख रुपये हारने के कारण खुदकुशी करने की बात लिखी हुई थी। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।