जयपुर से चलकर छतरपुर के बागेश्वर धाम जा रही एक वीडियो कोच बस टायर फटने के बाद आग की चपेट में आ गई। …और पढ़ें

HighLights
- टायर फटते ही बस में लगी भीषण आग
- पुलिस ने कांच तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित निकाला
- 16 यात्री बाल-बाल बचे, बस पूरी तरह जलकर खाक
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जयपुर से चलकर छतरपुर के बागेश्वर धाम जा रही एक वीडियो कोच बस टायर फटने के बाद आग की चपेट में आ गई। इस दौरान बस में सवार 16 यात्री नींद की आगोश में थे, लेकिन पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से सभी की जान बच गई।
पुलिसकर्मियों ने तत्काल कांच तोड़कर अंदर सो रहे यात्रियों को बाहर निकाला। घटना झांसी रोड थाने के पास की है। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन जब तक अमला मौके पर पहुंचा, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
जयपुर से बागेश्वर धाम जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक बस क्रमांक एनएल 07 बी 0899 राजस्थान के जयपुर से छतरपुर के बागेश्वर धाम जा रही थी। बस शनिवार रात करीब नौ बजे जयपुर से रवाना हुई थी और रविवार तड़के ग्वालियर पहुंची। सुबह करीब पांच बजे नाका चंद्रवदनी पर इस बस से करीब 15 यात्री उतर गए थे। इसके बाद जैसे ही बस झांसी रोड थाने के सामने पहुंची, तेज आवाज के साथ बस का टायर फट गया और अचानक उसमें आग लग गई।
जिस समय घटना हुई, उस समय बस में 16 यात्री सवार थे और अधिकांश यात्री सो रहे थे। बस में आग लगने पर यात्रियों को हल्की दुर्गंध और धुआं महसूस हुआ। इसी बीच झांसी रोड थाना पुलिस के जवानों ने बस से आग की लपटें उठती देखीं, तो तत्काल यात्रियों को अलर्ट किया और कांच तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। कई यात्रियों ने स्वयं भी खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई।
