मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक बेहद सनसनीखेज और हृदय विदारक घटना सामने आई है। कोलगांवा थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी इलाके में 11 वर्षीय बच्चे की हत्या कर उसका शव घर के अंदर एक नीले ड्रम में छिपा दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मृतक की पहचान शिवराज रजक (11 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सभापुर, नयागांव थाना क्षेत्र का निवासी था। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और बस स्टैंड के पास ठेला लगाकर जीवन यापन करता था। कुछ समय से यह परिवार बैंक कॉलोनी में संतोष विश्वकर्मा के किराए के मकान में रह रहा था।

बच्चे की मां को परेशान करता था आरोपी


मामले में मुख्य आरोपी मथुरा बताया जा रहा है, जो उसी मकान में किराए से रहता था और मृतक परिवार का पड़ोसी था। जानकारी के अनुसार, आरोपी लंबे समय से बच्चे की मां को परेशान कर रहा था और उस पर शादी का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर परिवार और आरोपी के बीच विवाद चल रहा था। घटना से एक दिन पहले भी मृतक के पिता रमेश रजक और आरोपी के बीच कहासुनी हुई थी, जिसमें आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। घटना वाले दिन दोपहर में शिवराज अचानक लापता हो गया। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान जानकारी मिली कि बच्चे को आखिरी बार आरोपी मथुरा के साथ देखा गया था, जिससे शक और गहरा हो गया।

पढ़ें: नीमच में छेड़छाड़ करने वाले का ‘हुलिया’ बिगड़ा: आरोपी को पेड़ से बांधकर काटी मूंछें-भौंहे, पहनाई जूतों की माला

तलाश करने पर पुलिस को मिला ड्रम में शव


परिजनों ने कोलगांवा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और आरोपी पर अपहरण का संदेह जताया। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। संदेह के आधार पर पुलिस ने ताला तोड़कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के अंदर रखे एक नीले ड्रम से बच्चे का शव बरामद हुआ, जिसे देखकर सभी स्तब्ध रह गए। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुराना विवाद और आरोपी की गलत नीयत को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *