राजधानी भोपाल में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। एक रंगकर्मी से उसके परिचित ने बेटे को बुल्गारिया भेजने का झांसा देकर करीब डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिए। लंबे समय तक न नौकरी मिली और न ही पैसे वापस हुए, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

एयरपोर्ट रोड स्थित पंचवटी कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय कमलेश कुमार, जो पेशे से रंगकर्मी हैं, का बैरागढ़ निवासी पुजारी मुकेश शर्मा से पुराना परिचय था। मुकेश ने कमलेश के इकलौते बेटे रितेश को यूरोप के देश बुल्गारिया में आकर्षक वेतन और सुविधाओं वाली नौकरी दिलाने का वादा किया।

वीजा और फीस के नाम पर वसूले पैसे

आरोप है कि मुकेश शर्मा ने वीजा और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर मार्च 2025 में महज दस दिनों के भीतर कमलेश से लगभग डेढ़ लाख रुपये ले लिए। बदले में जल्द ही नौकरी का ऑफर लेटर देने का आश्वासन दिया गया था। समय बीतने के बावजूद न तो रितेश को कोई नौकरी का प्रस्ताव मिला और न ही रकम वापस की गई। जब कमलेश ने पैसे मांगे, तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।

पढ़ें: ‘सनातन पर प्रहार करने वाला खुद होता कमजोर’, जूना अखाड़ा पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज बोले

पुलिस ने दर्ज किया मामला

आखिरकार परेशान होकर कमलेश कुमार ने संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर हो रही ठगी के बढ़ते मामलों की ओर इशारा करती है, जहां लोगों को बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर आर्थिक रूप से शोषण किया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *