बहोड़ापुर इलाके में 15 लाख रुपये के जेवर की लूट का षड़यंत्र रचने वाली महिला ने रात को थाने पर जमकर नाटक किया। …और पढ़ें

HighLights
- 15 लाख के जेवर लूट की निकली फर्जी कहानी
- महिला ने थाने में फिनाइल पीने की दी धमकी
- नाबालिग भाई और दोस्त ने रची लूट की साजिश
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बहोड़ापुर इलाके में 15 लाख रुपये के जेवर की लूट का षड़यंत्र रचने वाली महिला ने रात को थाने पर जमकर नाटक किया। उसे पुलिस आरोपित न बनाये, इसके लिए उसने दबाव बनाने के लिए ब्लिंकिट से आनलाइन आर्डर कर फिनाइल थाने पर ही मंगवा ली। यहां वह फिनाइल की बोतल का ढक्कन खोलकर धमकाने लगी कि यहीं फिनाइल पीकर अपनी जान दे दूंगी। महिला पुलिसकर्मियों ने फिनाइल छीना।
क्या है मामला
पुरानी छावनी इलाके में रहने वाली शैजू सिकरवार कैपरी गोल्ड लोन से अपने गहने निकालकर ला रही थी। उसने आइआइएफएल कंपनी से 4.66 लाख रुपये लिए और यह रुपये जमा कर गहने छुड़वाए। यह गहने आइआइएफएल में गिरवी रखने जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही उसके हाथ से बैग लूट लिया गया। उसने लूट की खबर पुलिस को दी।
आठ घंटे में राजफाश कर आरोपित को पकड़ लिया
पुलिस ने आठ घंटे में राजफाश कर आरोपित को पकड़ लिया। लूट करने वालों में उसका नाबालिग भाई और उसका 19 वर्षीय दोस्त आकाश सेन ही निकले। इन दोनों ने ही बैग लूटा था। गहने भी बरामद हो गए। इसके बाद पता लगा कि शैजू ने ही बैग छीनने के लिए कहा था।
शैजू इस बात से इंकार कर रही थी। वह भाई को भी झूठा फंसाने की बात कहकर हंगामा करने लगी। उसने फिनाइल मंगवाकर हंगामा किया। फिनाइल की बोतल छीन ली तो थाने की गाड़ी के सामने लेट गई। पुलिस ने उसे उठाया और स्वजनों के साथ घर भेजा। इस मामले में उसका नाम आ गया है, पुलिस ने गिरफ्तारी नहीं की है।
स्कूटी की डिक्की में निकला बुर्का और काट सेट, लुटेरे बोले- यह कपड़े पहनकर लूटने वाले थे, पुलिस ने जब स्कूटी की डिक्की खंगाली तो इसमें बुर्का और काट सेट निकला है। पूछताछ की तो यह दोनों बोले कि यही कपड़े पहनकर लूट करने वाले थे। यह कपड़े पहनकर लूट करते तो कोई पहचान नहीं पाता लेकिन कपड़े बदलने का समय नहीं मिला।
पुलिस का क्या कहना है
महिला की भूमिका भी इस घटनाक्रम में है। रात में उसने फिनाइल मंगाकर धमकी दी थी। फिनाइल की बोतल छीन ली थी। नाबालिग को बाल कल्याण समिति और 19 वर्षीय आरोपित को जिला कोर्ट में पेश किया।
आलोक सिंह परिहार थाना प्रभारी, बहोड़ापुर
