केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को रायसेन दौरे के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के भोपाल क्षेत्र के अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की।
गडकरी ने कहा कि प्रदेश में चिन्हित सभी ब्लैक स्पॉट्स का समय-सीमा में सुधार किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इन स्थानों पर जरूरी सुधार जैसे संकेतक बोर्ड, क्रैश बैरियर, रोड मार्किंग और लाइटिंग की बेहतर व्यवस्था की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। बैठक में मंत्री ने सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और भूमि अधिग्रहण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय पर पूरी हों और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
ये भी पढ़ें- MP Cabinet: 19,810 करोड़ के जनहित व विकास कार्यों को मंजूरी, सागर में 286 करोड़ की सिंचाई परियोजना स्वीकृत
सड़क विकास से बढ़ेगा आर्थिक लाभ
गडकरी ने कहा कि बेहतर सड़कें सिर्फ आवागमन ही नहीं, बल्कि आर्थिक विकास का भी आधार हैं। इससे यात्रा समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी और सड़क सुरक्षा बेहतर होगी। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है, जिससे कृषि और औद्योगिक उत्पादों के परिवहन में तेजी आई है और लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आई है। मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। बेहतर सड़कों से पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे पर्यटन क्षेत्र को भी फायदा होगा।
ये भी पढ़ें- उन्नत कृषि महोत्सव: रायसेन में केंद्रीय मंत्री गड़करी बोले-किसान केवल अन्नदाता नहीं,ऊर्जा और ईंधन दाता भी बनेगा
तेजी से चल रहा निर्माण कार्य
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। बायपास, सर्विस रोड और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से सड़कों को इस तरह विकसित किया जा रहा है, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम हो और लोगों को सुरक्षित व सुगम यात्रा मिल सके।
