रुबीना इकबाल खान को संयमित रहना चाहिए। वह जानती हैं कि अपने क्षेत्र में निर्दलीय चुनाव लड़कर भी जीत सकती हैं, लेकिन उन्हें स्वयं पर घमंड नहीं करना चाहिए। जिस संस्था में हैं, उसकी मर्यादा का पालन करें, ताकि संस्था का मान बढ़ सके। उन्होंने पार्टी के प्रति गलत टिप्पणी की है। यह बात पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने इंदौर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि पुष्यमित्र एक्सीडेंटल महापौर बन गए हैं। वे चुनाव जीतकर मेयर तो बन गए, लेकिन उनमें राजनीतिक अनुभव का अभाव है। उनके कार्यकाल में तीन बजट प्रस्तुत हुए, लेकिन उनमें कभी कुछ विशेष नहीं रहा। शहर में दूषित पानी के कारण 35 लोगों की मौत हो गई, लेकिन इसकी चिंता करने के बजाय भाजपा अन्य मुद्दों को हवा देती रही।

 

उधर, इस मामले में भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को घेरा है। मिश्रा ने कहा कि यदि जीतू पटवारी यह साबित कर दें कि हमारे संगठन ने कभी तिरंगे का अपमान किया है, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। नगर निगम के बजट सम्मेलन में कांग्रेस की दो पार्षद फौजिया शेख अलीम और रुबीना इकबाल खान ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का अपमान किया। राष्ट्रगीत के दौरान सावधान की मुद्रा में सम्मानपूर्वक खड़े रहने के बजाय उन्होंने अपशब्दों का प्रयोग भी किया।

 

रुबीना इकबाल खान के निलंबन के लिए कांग्रेस नगर अध्यक्ष ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को अनुशंसा की है, लेकिन फौजिया शेख अलीम के बारे में वे खामोश हैं। फौजिया पूर्व में नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल की नेता और नेता प्रतिपक्ष भी रह चुकी हैं। उनके निलंबन के संबंध में क्या निर्णय लिया गया है?

मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के नेता हाफिज सईद जैसे आतंकवादी को ‘जी’ कहकर सम्मान देते हैं और जाकिर नाइक जैसे वैश्विक आतंकवादी को शांति का मसीहा बताकर गले लगाते हैं। कांग्रेस कई बार देशभक्तों का मजाक उड़ा चुकी है।

मैं पटवारी से पूछना चाहता हूं कि कांग्रेस ने अभी तक इन दोनों पार्षदों को पार्टी से निलंबित क्यों नहीं किया? इससे पहले ‘लव जिहाद फंडिंग’ के आरोपी कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी को भी पार्टी से निष्कासित नहीं किया गया है। सवाल यह है कि कांग्रेस लव जिहाद और राष्ट्रगीत का अपमान करने वालों का बचाव कब तक करेगी? कांग्रेस देश के विरोधियों को बचाने का प्रयास कब तक करती रहेगी?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *