सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नागौद-उचेहरा मार्ग पर टिकुरा तिराहा, भराहटा गांव के पास स्थापित भारत रत्न डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की मूर्ति के साथ अज्ञात लोगों द्वारा की गई छेड़छाड़ के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। मूर्ति के चेहरे पर काला पेंट पोतने के साथ इसको क्षतिग्रस्त भी किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया। लोगों ने मूर्ति के साथ छेड़छाड़ का विरोध शुरू कर दिया है। तस्वीर में आप देख सकते हैं कैसे लोगों की भीड़ जमा होगई है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की गई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने जब प्रतिमा की यह हालत देखी तो तुरंत आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और एक विशेष वर्ग की भावनाओं को आहत करने की साजिश बताया।
मूर्ति के साथ इस तरह की हरकत से नाराज लोगों ने तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए नागौद-उचेहरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना के विरोध में ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर नारेबाजी भी की गई और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की गई।
प्रशासन और पुलिस बल मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही उचेहरा एसडीएम सुमेश द्विवेदी, थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। प्रशासन ने लोगों को आश्वस्त किया कि दोषियों को जल्द चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, लेकिन इसके बावजूद भी प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और प्रदर्शन जारी रखा।
जांच शुरू, CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। इसके अलावा संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
इस घटना ने इलाके के सामाजिक माहौल को प्रभावित किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं आपसी भाईचारे को कमजोर करती हैं और समाज में तनाव पैदा करती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
ये भी पढ़ें- Indore News: इंदौर में शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय एनेस्थीसिया सम्मेलन, दुनिया भर के विशेषज्ञ डॉक्टर आए
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि कानून को अपने हाथ में न लें। साथ ही यह भी भरोसा दिलाया गया है कि मामले में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जल्द से जल्द कार्रवाई की बात कही जा रही है। साथ ही सभी प्रदर्शनकारियों से प्रदर्शन समाप्त करने की अपील भी की जा रही है।

मूर्ति के साथ छेड़छाड़ को लेकर प्रदर्शन करते हुए लोग, कार्रवाई की मांग की।
