शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जब भूसा लेने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक घटना में एक महिला और सात वर्षीय मासूम जिंदा जल गए, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान के बारां जिले के खेड़ली गांव का एक बंजारा परिवार हर साल की तरह इस बार भी कोलारस क्षेत्र में भूसा खरीदने आया था। ये लोग खेतों के आसपास अस्थायी डेरा डालकर गांव-गांव घूमते हुए भूसा खरीदते हैं और बाद में उसे बेचकर अपनी आजीविका चलाते हैं। शुक्रवार सुबह यह परिवार टोल टैक्स के पास स्थित अपने डेरे से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भूसा खरीदने निकला था। आगे चल रहा ट्रैक्टर देहरदा गांव से कच्चे रास्ते होते हुए डोडयाई की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान ट्रॉली में लगे लंबे लोहे के पाइप अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गए। टकराते ही तेज करंट पूरे वाहन में फैल गया और ट्रैक्टर पर सवार लोग उसकी चपेट में आ गए।

ये भी पढ़ें- आधी रात खुला विधानसभा सचिवालय: जीतू पटवारी व पीसी शर्मा ने दतिया विधायक के मुद्दे पर भाजपा को घेरा, कही ये बात

हादसे में लीला बाई बंजारा (30) की साड़ी में करंट लगते ही आग लग गई और वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गईं। उनके साथ मौजूद 7 वर्षीय अनिल भी आग की चपेट में आ गया। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर चला रहे विनोद बंजारा (27) और केसर बाई करंट लगते ही दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान तो बच गई, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घटना के पीछे चल रहे दूसरे ट्रैक्टर के लोगों ने तुरंत मदद के प्रयास किए। उन्होंने घायलों को ट्रॉली में डालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मासूम अनिल को मृत घोषित कर दिया। विनोद और केसर बाई का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रॉली में अधिक मात्रा में भूसा भरने के लिए करीब 10-10 फीट लंबे लोहे के पाइप लगाए गए थे, जो हादसे का प्रमुख कारण बने। वहीं घटनास्थल पर हाईटेंशन लाइन के तार भी नीचे की ओर झूल रहे थे और आसपास पेड़ों के कारण स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे थे। इसी वजह से पाइप सीधे तारों से टकरा गए और करंट फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *