तराना जनपद पंचायत के सामानेरा में स्थित प्रसिद्ध ब्रह्माणी माता मंदिर परिसर में आयोजित मां कालीसिंध महोत्सव मेले में अश्लील डांस का मामला सामने आया है। इसका वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। भारी भीड़ के बीच पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब स्थिति नहीं संभली तो हुड़दंगियों पर हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, उज्जैन से करीब 45 किमी दूर माकड़ौन क्षेत्र के इस मंदिर में नवरात्रि पर हर वर्ष मेला लगता है। मेले के दौरान मंदिर के पीछे स्टेज पर डांस कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें डांसरों के अश्लील नृत्य से कुछ युवक उत्तेजित होकर हंगामा करने लगे। हालात बिगड़ते देख एसआई मंशाराम चौधरी और उनकी टीम ने स्थिति नियंत्रित की।
ये भी पढ़ें- ये तो हद है: ‘दाएं पैर में दर्द, बाएं का कर दिया एक्स-रे’, छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में लापरवाही पर उठे सवाल
बताया गया कि दिन में कथा और रात में उसी मंच पर डांस कार्यक्रम आयोजित हो रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तरह के कार्यक्रम पहले भी होते रहे हैं, लेकिन इस बार भीड़ बेकाबू होने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। माकड़ौन टीआई पीएस राजपूत ने बताया कि युवकों को शांत करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया, किसी पर कार्रवाई नहीं हुई। मेले की व्यवस्था की जिम्मेदारी राजेश कदवाने (सहायक विकास विस्तार अधिकारी), आशीष तिवारी (मेला अधिकारी) सहित अन्य कर्मचारियों पर थी। वीडियो वायरल होने के बाद आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से अश्लील डांस को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
