इंदौर में बिल्डर और प्रसिद्ध कारोबारी संजय जैन को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दी गई धमकी के मामले में क्राइम ब्रांच ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने इस मामले के मुख्य संदिग्ध मनीष जांगिड़ को अशोक नगर की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच इंदौर लाया जा रहा है। सोमवार को इंदौर क्राइम ब्रांच की 14 सदस्यीय टीम गुना पहुंची थी, जहां मनीष पहले से ही एक अन्य आपराधिक मामले में जेल में बंद था। अब उसे संजय जैन को धमकाने और रंगदारी मांगने के नए मामले में गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें…
Indore News: जनगणना को लेकर आज से प्रशिक्षण शुरू, जल्द ही आपके घर पर दस्तक देगी टीम
अशोक नगर में दहशत फैलाने की रची थी साजिश
मनीष जांगिड़ का आपराधिक रिकॉर्ड काफी गंभीर रहा है। उसने इससे पहले अशोकनगर के व्यापारी अंकित अग्रवाल और एक अन्य व्यक्ति को वॉयस नोट के माध्यम से धमकी दी थी। उस दौरान उसने 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। अशोकनगर पुलिस ने मनीष को तब गिरफ्तार किया था जब वह शहर में पेट्रोल बम के जरिए दहशत फैलाने की योजना बना रहा था। गिरफ्तारी के बाद से ही वह जेल में था, लेकिन इंदौर के मामले में उसके तार जुड़ने के बाद क्राइम ब्रांच ने अपनी जांच तेज कर दी।
लॉरेंस गैंग के हैरी बॉक्सर से सीधा कनेक्शन
पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। इंदौर के तुकोगंज क्षेत्र में बिल्डर संजय जैन को मिली धमकी के पीछे मनीष जांगिड़ का हाथ होने के पुख्ता सबूत मिले हैं। जांच के दौरान मनीष के संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात सदस्य हैरी बॉक्सर से पाए गए हैं। पुलिस को मनीष और हैरी के बीच पैसों के लेनदेन के रिकॉर्ड भी मिले हैं। पहले की पूछताछ में मनीष ने स्वीकार किया था कि लॉरेंस गैंग ने उसे इंदौर में भी एक बड़ा काम सौंपा है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि गैंग मध्य प्रदेश में अपना जाल फैला रही है।
बिल्डर संजय जैन से मांगी गई थी 15 करोड़ की फिरौती
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि संजय जैन को पिछले गुरुवार को एक धमकी भरा फोन आया था। जब उन्होंने फोन काटा, तो उनके मोबाइल पर एक वॉयस मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का साथी और हैरी बॉक्सर बताया था। इस संदेश में बिल्डर से 15 करोड़ रुपये की मांग की गई थी और पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। पुलिस अब मनीष से इस मैसेज के स्रोत और उसके अन्य साथियों के बारे में गहनता से पूछताछ करेगी।
पूछताछ के बाद होंगे कई और बड़े खुलासे
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार मनीष जांगिड़ को मंगलवार शाम तक इंदौर लाया जाएगा। पुलिस का मानना है कि मनीष ही वह व्यक्ति था जो बिल्डर संजय जैन को टारगेट करने की साजिश रच रहा था। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे वापस अशोकनगर जेल भेज दिया जाएगा। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि इस मामले में जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं और लॉरेंस गैंग के स्थानीय नेटवर्क का पूरी तरह से पर्दाफाश किया जाएगा।
